मुरादाबाद : उफ ! मार्च में मई जैसी गर्मी, 37 के पार पहुंचा तापमान

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

मुरादाबाद,अमृत विचार। उफ ! क्या गर्मी पड़ रही है, मार्च का महीना अभी खत्म भी नहीं हुआ और मई जैसी झुलसाने वाली गर्मी शुरू हो गई। दोपहर का तापमान सामान्य से पांच डिग्री चढ़ कर 37 को पार कर गया है। लेकिन गर्म हवाएं 40 डिग्री तापमान का एहसास करा रही हैं। गनीमत है कि …

मुरादाबाद,अमृत विचार। उफ ! क्या गर्मी पड़ रही है, मार्च का महीना अभी खत्म भी नहीं हुआ और मई जैसी झुलसाने वाली गर्मी शुरू हो गई। दोपहर का तापमान सामान्य से पांच डिग्री चढ़ कर 37 को पार कर गया है। लेकिन गर्म हवाएं 40 डिग्री तापमान का एहसास करा रही हैं। गनीमत है कि तेज पछुआ हवा नहीं चल रही, अन्यथा लू के मारे बुरा हाल हो जाता। पिछले साल मार्च महीने में मुरादाबाद में 32 से 33 डिग्री तक तापमान था।

हालांकि तापमान में इस कदर हुई वृद्धि के प्रति मौसम विभाग ने पहले ही आगाह किया था। लगातार मौसम अलर्ट में बताया कि इस बार गर्मी ज्यादा पड़ सकती है। लेकिन किसी को उम्मीद नहीं थी कि इतनी जल्दी तेज गर्मी शुरू हो जाएगी। मौसम विभाग के मुताबिक राजस्थान में जो एंटी साइक्लोन आमतौर पर मार्च के आखिर में बनता है, इस बार जल्दी बन गया। इस बार पश्चिमी विछोभ नहीं है। इसके चलते थार मरुस्थल और पाकिस्तान से गर्म हवाएं आने लगी हैं। इससे तापमान बढ़ रहा है। मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों तक तापमान में लगातार बढ़ोत्तरी की संभावना जताई है। स्काईमेट वेदर के वाइस प्रेसिडेंट महेश पलावत ने बताया कि इस बार मौसम की स्थिति सामान्य नहीं है।

कम हो रहा दिन और रात का तापमान
मुरादाबाद में दिन और रात के तापमान का अंतर लगातार घट रहा है। मध्य रात्रि में भी तापमान 28 डिग्री से अधिक रह रहा है। हालांकि भोर में न्यूनतम घटकर 22 से 23 डिग्री तक आ जा रहा है। लेकिन बीते दो दिनों से दोपहर का तापमान 38 से 40 डिग्री के बीच रह रहा है। इसके चलते दोपहर में लू जैसा अहसास हो रहा है। वहीं रात में भी गर्मी परेशान कर रही है।

गेंहू की फसल पर पड़ेगा बुरा असर
मार्च में ही तेजी से चढ़ रहे पारे ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है। उन्हें कम उत्पादन की चिंता सताने लगी है। ज्यादा गर्मी में गेहूं समय से पहले पकने की संभावना है। खेतों में नमी घटेगी तो गेहूं का दाना सिकुड़ सकता है और ऐसे में उत्पादन कम होने का डर है। कृषि विशेषज्ञों की माने तो गेहूं का दाना सामान्य तापमान में ही बेहतर पकता है लेकिन गर्मी ज्यादा होने पर दाना न तो अच्छी तरह फूलता है और न ही सही ढंग से पकता है। अधपका और सख्त दाना होने की वजह से गेहूं के स्वाद में भी कमी आ जाती है।

बढ़ता तापमान सेहत पर डालेगा असर
समयपूर्व बढ़ा तापमान का स्तर आम आदमी के स्वास्थ्य को भी बुरी तरह से प्रभावित कर रहा है। डॉक्टरों के मुताबिक इस मौसम में लोग जल्दी से सर्दी, खांसी व जुकाम जैसे बीमारियों की गिरफ्त में आ जाते हैं। डॉ. एमसी गुप्ता के मुताबिक इस समय अस्पताल में आने वाले ज्यादातर मरीज इन्हीं समस्याओं से ग्रसित हैं। ऐसे हालात में मरीजों के साथ आम जन को भी लोगों को फ्रीज के पानी से भरसक परहेज करने और खूब पानी पीने की सलाह दी जा रही है।

बाजार में नहीं हैं शुद्ध पेयजल का इंतजाम
शहर में कहीं भी शुद्ध पेयजल का इंतजाम नहीं है। चूंकि अभी शुरूआती समय है, इसलिए समाजसेवी संगठनों की ओर से भी कहीं पर प्याऊं आदि की व्यवस्था नहीं की गई है। ऐसे हालात में प्यास का एहसास होने पर लोग बोतलबंद पानी खरीद कर पीने को मजबूर हैं।

एक सप्ताह का अनुमानित तापमान

दिनांक   न्यूनतम तापमान    अधिकतम तापमान
19 मार्च            20                       35
20 मार्च            21                        36
21 मार्च            21                        36
22 मार्च            19                         36
23 मार्च           19                          37
24 मार्च           21                          37
25 मार्च          20                            37

ये भी पढ़ें : मुरादाबाद : डीएम-एसएसपी ने मातहतों संग खेली कीचड़ और गुलाल की होली, डीजे की धुन पर खूब थिरके

संबंधित समाचार