मुरादाबाद : रंजिश में महिला को कार से रौंदने की कोशिश
मुरादाबाद, अमृत विचार। पुरानी रंजिश के चलते आरोपियों ने महिला को कार से टक्कर मार दी। गंभीर रूप से घायल महिला का जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है। घायल की बेटी ने कटघर पुलिस को तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की गुहार लगाई है। कटघर कोतवाली क्षेत्र की पीतल बस्ती निवासी …
मुरादाबाद, अमृत विचार। पुरानी रंजिश के चलते आरोपियों ने महिला को कार से टक्कर मार दी। गंभीर रूप से घायल महिला का जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है। घायल की बेटी ने कटघर पुलिस को तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की गुहार लगाई है।
कटघर कोतवाली क्षेत्र की पीतल बस्ती निवासी युवती ने बताया कि उसके पिता पैरालाइज्ड हैं। वह बोलने और चलने-फिरने में असमर्थ हैं। उनकी मां आंगनबाड़ी कार्यकर्ता हैं। उनका अपने किराएदार से विवाद चल रहा है। किराएदार ने फरवरी में उनकी छोटी बहन से छेड़छाड़ की थी। उन्होंने पुलिस में शिकायत की, मगर कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद किराएदार मकान खाली करके चल गया, मगर उसके रिश्तदारों ने कई बार जान से मारने की धमकी दी थी।
युवती के अनुसार उनकी मां 20 मार्च को एक व्यक्ति से लिफ्ट लेकर ड्यूटी करने ग्राम जगतपुर जा रही थीं। ग्राम रफातपुर मोड पर उनकी बाइक को एक कार ने टक्कर मार दी। घटना में बाइक सवार और उनकी मां गंभीर रूप से घायल हो गए। उनकी मां के सिर, कंधे, कान और कमर में गंभीर चोटें लगीं। आरोप है कि आरोपी कार से उतरकर उनकी मां के पास आए और दोबारा कार से उनकी मां को कुचलने का प्रयास किया। बाइक सवार और उनकी मां ने शोर मचाया तो राहगीर एकत्र हो गए।
इस पर आरोपी शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए। घायल महिला को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घायल की बेटी का आरोप है कि पुलिस ने उनकी बहन से छेड़छाड़ मामले में भी कोई कार्रवाई नहीं की। आरोप है कि पुलिस आरोपियों से हमसाज हो गई है। उन्होंने कटघर थाने में तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर सख्त कार्रवाई की गुहार लगाई है।
