अमरोहा : पॉश कॉलोनी सिटी होम में भाजपा नेत्री के फ्लैट से तीन लाख की चोरी
अमरोहा, अमृत विचार। जोया रोड पर स्थित पॉश कालोनी से बेखौफ चोरों ने बंद पड़े भाजपा नेत्री के फ्लैट के ताले तोड़कर घर में रखी नगदी, सोने चांदी के जेवरात समेत तीन लाख की चोरी को अंजाम दिया। भाजपा नेत्री के घर चोरी की घटना की जानकारी से पुलिस में हड़कंप मच गया। पुलिस मामले …
अमरोहा, अमृत विचार। जोया रोड पर स्थित पॉश कालोनी से बेखौफ चोरों ने बंद पड़े भाजपा नेत्री के फ्लैट के ताले तोड़कर घर में रखी नगदी, सोने चांदी के जेवरात समेत तीन लाख की चोरी को अंजाम दिया। भाजपा नेत्री के घर चोरी की घटना की जानकारी से पुलिस में हड़कंप मच गया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
घटना अमरोहा जोया रोड स्थित सिटी पॉश कालोनी की है। यहां पर मोहल्ला पीरगढ़ के निवासी रामकिशन की बेटी भाजपा नेत्री सुमन सैनी का फ्लैट है। आरोप है कि पिछले कुछ दिनों से फ्लैट में ताला लगा था। इसी का फायदा उठाकर बेखौफ चोरों ने रविवार की रात को किसी समय फ्लैट के ताले तोड़कर वहां रखी 50 हजार की नगदी, सोने चांदी के जेवरात चोरी कर लिए। करीब तीन लाख रुपये की चोरी की घटना को अंजाम देकर चोर फरार हो गए।
सुबह फ्लैट के ताले टूट दिखने पर पड़ोसियों ने भाजपा जिला मंत्री सुमन सैनी को सूचना दी तो उनके होश उड़ गए। आनन फानन में भाजपा नेत्री अपने परिवार के साथ वहां पहुंची तो वहां रखा सभी सामान बिखरा हुआ था। अलमारी के भी ताले टूटे हुए थे तथा नगदी और जेवरात गायब मिले। भाजपा नेत्री के घर चोरी की सूचना पर पुलिस में हड़कंप मच गया। एसओ अमरोहा देहात ब्रजेश कुमार सिंह खुद मौके पर पहुंच गए। घटना की जानकारी ली। डॉग स्क्वायड टीम और फोरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए। वहीं पॉश कालोनी सिटी होम में चोरी की घटना से हड़कंप मचा है। थानाध्यक्ष ब्रजेश कुमार सिंह ने बताया कि फ्लैट काफी दिनो से बंद है। चोरी का मामला दर्ज कर लिया गया है। कालोनी में लगे सीसीटीवी कैमरे खंगाले जा रहे है। जल्द ही चोरी की घटना का पर्दाफाश किया जाएगा।
‘सिक्योरिटी होने के बाद भी कैसे हुई फ्लैट में चोरी’
भाजपा जिला मंत्री सुमन सैनी ने चोरी की घटना के बाद कहा कि जब पॉश कालोनी में हर समय सिक्योरिटी के लिए गार्ड रहता है तो उसके बावजूद भी कैसे चोरी की घटना हुई। जानकारी देते हुए बताया कि वह उनका फ्लैट वीवीआइपी कॉलोनी सिटी होम्स सोसाइटी में है। जब सरकार में भाजपा के लोगों का ही घर सुरक्षित नहीं है तो आम जनता का कैसे होगा। साथ ही उन्होंने पुलिस से उचित कार्रवाई करने की मांग की है।
