उन्नाव: विभिन्न सड़क हादसों में एक की हुई मौत, पांच घायल
उन्नाव। मौरावां व दही थाना क्षेत्र में सोमवार हुए विभिन्न सड़क हादसों में एक युवक की मौत हो गयी जबकि पांच अन्य घायल हैं। जिन्हें संबंधित थाना क्षेत्र की पुलिस ने उपचार के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया है। थाना व कस्बा मौरावां स्थित भारत पेट्रोल पंप के सामने सोमवार दोपहर एक कार व बाइक की आमने …
उन्नाव। मौरावां व दही थाना क्षेत्र में सोमवार हुए विभिन्न सड़क हादसों में एक युवक की मौत हो गयी जबकि पांच अन्य घायल हैं। जिन्हें संबंधित थाना क्षेत्र की पुलिस ने उपचार के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया है। थाना व कस्बा मौरावां स्थित भारत पेट्रोल पंप के सामने सोमवार दोपहर एक कार व बाइक की आमने सामने भिड़ंत हो गयी।
इस हादसे में बाइक सवार रायबरेली जनपद के खीरो थाना क्षेत्र के सेमरी निवासी अभिषेक (24) पुत्र विमलेश गंभीर रुप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना देते हुए घायल को स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। जहां उपचार शुरू होते ही उसने दम तोड़ दिया। पुलिस ने मृतक के परिजनों को हादसे की जानकारी देते हुए शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
दही थाना क्षेत्र में ट्रक की टक्कर से एक बाइक सवार व अज्ञात वाहन की टक्कर से कार सवार चार लोग जख्मी हुए। अचलगंज थाना क्षेत्र के आटा बंथर निवासी जाबिर (40) पुत्र मदारू, नज्जुम (35) पत्नी जावेद, मुस्ताक (30) पुत्र अली हसन व नैमुन (28) पत्नी मुस्ताक कार पर सवार होकर लखनऊ के बुद्धेश्वर गए थे। हाईवे पर उनकी कार हादसे का शिकार हो गयी।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने रास्ते से गाड़ी हटवाकर घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया। इसी थाना क्षेत्र में हाईवे स्थित एक होटल के पास ट्रक की टक्कर से बाइक सवार उदय राज उर्फ उदल पुत्र रामजीवन निवासी दुर्गा खेड़ा पिपरासी थाना अजगैन घायल हो गया। थानाध्यक्ष राघवेंद्र सिंह ने बताया कि सभी घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचा कर उनके परिजनों को सूचना दे दी गयी है।
यह भी पढ़ें: गोरखपुर: भांजे के साथ शादी की जिद पर अड़ी महिला, पुलिस ने पति को दी यह सलाह
