मुरादाबाद : बेकाबू कार ने बाइक में मारी टक्कर, महिला की मौत, बेटी-बेटा घायल
मुरादाबाद,अमृत विचार। सोमवार की देर रात सिविल लाइंस थाना क्षेत्र में बेकाबू कार ने बाइक को रौंद दिया। हादसे में बाइक सवार महिला की मौत हो गई, जबकि उनका बेटा-बेटी गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद बेकाबू कार पेड़ से टकराकर रुक गई। इस बीच कार सवार वहां से फरार हो गए। …
मुरादाबाद,अमृत विचार। सोमवार की देर रात सिविल लाइंस थाना क्षेत्र में बेकाबू कार ने बाइक को रौंद दिया। हादसे में बाइक सवार महिला की मौत हो गई, जबकि उनका बेटा-बेटी गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद बेकाबू कार पेड़ से टकराकर रुक गई। इस बीच कार सवार वहां से फरार हो गए। पुलिस ने कार को कब्जे में ले लिया है। उसमें शराब की बोतलें भी मिली हैं। मंगलवार को पोस्टमार्टम कराने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पति की तहरीर पर अज्ञात कार चालक के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
हादसे का शिकार हुई 45 वर्षीया शन्नो परवीन पत्नी राशिद हुसैन सदर कोतवाली क्षेत्र के सराय गुलजारीमल डॉ. निसार वाली गली लाल मस्जिद की रहने वाली थीं। पति राशिद हुसैन ने बताया कि उनकी पत्नी शन्नो अपने बेटे अहमद और बेटी कहकशा के साथ 21 मार्च को एक रिश्तेदार की शादी में शामिल होने के लिए कांठ गई थीं। देर रात करीब पौने दस बजे तीनों वहां से अपने घर लौट रहे थे।
सिविल लाइंस थानाक्षेत्र में अगवानपुर शुगर मिल के पास रात करीब सवा दस बजे पीछे से आ रही तेज रफ्तार कार ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार शन्नो की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि उनकी बेटी और बेटा गंभीर रूप से घायल हो गए। कार की रफ्तार इतनी तेज थी कि तीनों को रौंदने के बाद वह पेड़ से जा टकराई। इसके बाद कार चालक व उसमें सवार अन्य लोग मौके से भाग गए।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल अहमद और कहकशा को कॉसमास अस्पताल में भर्ती कराया। जबकि शन्नो के शव को मोर्चरी में रखवा दिया। जानकारी मिलते परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस ने कार को कब्जे में ले लिया है। मृतका के पति राशिद हुसैन ने बताया कि कार में चार लोग सवार थे। गाड़ी में शराब की बोतलें मिली हैं। इससे माना जा रहा है कि कार सवार सभी लोग शराब के नशे में थे। इंस्पेक्टर आरपी सिंह ने बताया कि मुकदमा दर्ज करके कार को कब्जे में ले लिया है। आरोपियों की सरगर्मी से तलाश की जा रही है।
ये भी पढ़ें : मुरादाबाद : ट्रेनों में नहीं मिल रही सीट, मजबूरी में जुर्माना भुगत रहे रेल यात्री
