मुरादाबाद : नशीली कोल्ड ड्रिंक पिला सहेली के भाइयों ने किया गैंगरेप
मुरादाबाद, अमृत विचार। होली में मिलने गई युवती की सहेली के भाइयों ने नशीली कोल्ड ड्रिंक पिलाकर दुष्कर्म किया। इसके बाद उसकी अश्लील वीडियो व फोटो भी खींच ली और शिकायत पर फोटो-वीडियो वायरल करने की धमकी देकर फिर से संबंध बनाने के लिए ब्लैकमेल करने लगे। शिकायत पर सहेली, उसकी मां व आरोपियों ने …
मुरादाबाद, अमृत विचार। होली में मिलने गई युवती की सहेली के भाइयों ने नशीली कोल्ड ड्रिंक पिलाकर दुष्कर्म किया। इसके बाद उसकी अश्लील वीडियो व फोटो भी खींच ली और शिकायत पर फोटो-वीडियो वायरल करने की धमकी देकर फिर से संबंध बनाने के लिए ब्लैकमेल करने लगे। शिकायत पर सहेली, उसकी मां व आरोपियों ने हत्या की धमकी दी। थाने में भी पीड़िता की सुनवाई नहीं हुई, तब उसने एसएसपी से न्याय की गुहार लगाई। एसएसपी आफिस से मझोला पुलिस को प्रकरण की जांच का आदेश दिया गया है।
मझोला थानाक्षेत्र निवासी युवती का कहना है कि इसी थाना क्षेत्र के मीरपुर मोहल्ले में उसकी सहेली रहती है। पीड़िता के अनुसार 18 मार्च की दोपहर 12 बजे वह होली मिलने के लिए अपनी सहेली के घर गई थी। वहां उसके दो भाई थे। पूछने पर उन्होंने बताया कि तुम्हारी सहेली होली मिलने पड़ोस में गई है, अभी आ जाएगी। वह अपनी सहेली का इंतजार करने लगी। इस दौरान सहेली के भाइयों ने उसे कोल्ड ड्रिंक दी, जिसे पीते वह सुधबुध खो बैठी। आंख खुली तो वह बेड पर बिना कपड़ों की थी और सहेली के दोनों भाई अपने मोबाइल से उसकी वीडियो बना रहे थे।
उन्होंने उसकी अश्लील फोटो भी खींच ली। पीड़िता ने विरोध करते हुए पुलिस में शिकायत करने को कहा तो आरोपियों ने उसके अश्लील फोटो व वीडियो वायरल करने की धमकी दी। बदनामी के डर से युवती ने इसका किसी से जिक्र नहीं किया। इससे आरोपियों के हौसले बुलंद हो गए। आरोप है कि आरोपी वीडिया और फोटो वायरल करने की धमकी देकर उसे फिर से संबंध बनाने के लिए ब्लैकमेल करने लगे।
धमकियों से परेशान होकर पीड़िता ने आरोपियों की मां व बहन से शिकायत की तो उन्होंने गाली-गलौज करके घर से धक्के देकर निकाल दिया। इसके बाद पीड़िता थाने गई, मगर पुलिस ने जांच की बात कहते हुए रिपोर्ट दर्ज नहीं की। तब पीड़िता बुधवार को एसएसपी ऑफिस पहुंची और सामूहिक दुष्कर्म के आरोपियों, उनकी बहन व मां के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। यहां शिकायत सुनने के बाद एसपी देहात विद्यासागर मिश्र ने मझोला एसएचओ को मामले की जांच कर कार्रवाई का आदेश दिया है।
