हरदोई: बेनीगंज में बेखौफ चोरों ने मां-बेटी को बंधक बनाकर की लूटपाट, इलाके में दहशत

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

हरदोई। ताबड़तोड़ चोरियों से बेनीगंज इलाके के लोग दहशत में जीने के लिए मजबूर है। इसी कड़ी मे चोरों ने तमंचे से डराते हुए मां-बेटी को कमरे में बंधक बनाते हुए बेखौफ तरीके से चोरी को अंजाम दे डाला। हैरत करने वाली बात है कि पुलिस अभी तक किसी एक भी चोरी का खुलासा नहीं …

हरदोई। ताबड़तोड़ चोरियों से बेनीगंज इलाके के लोग दहशत में जीने के लिए मजबूर है। इसी कड़ी मे चोरों ने तमंचे से डराते हुए मां-बेटी को कमरे में बंधक बनाते हुए बेखौफ तरीके से चोरी को अंजाम दे डाला। हैरत करने वाली बात है कि पुलिस अभी तक किसी एक भी चोरी का खुलासा नहीं कर सकी है। बताते है कि बेनीगंज कोतवाली इलाके में लगातार हो रहीं चोरियों ने लोगों को दहशत-ज़दा कर रखा है।

चोरी का ताजा मामला उमरारी गांव का है। जहां शुक्रवार की देर चोरों ने बड़े शातिरपन से चोरी को अंजाम दिया। बताते चलें कि उमरारी गांव निवासी मुकेश अवस्थी की पत्नी रानी ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि रात उसके घर में कोई और नहीं था। रानी अपनी पुत्री सपना के साथ कमरे में सो रही थी। इसी बीच पप्पू पुत्र बहादुर निवासी बक्स खेड़ा, पप्पू पुत्र मकरंद निवासी उमरारी, मिलन पुत्र पप्पू और अनुज पुत्र हेमराज निवासी उमरारी, उसके घर में घुस गए।

जिस कमरे में रानी और उसकी पुत्री सो रही थी। वहां पहुंच कर दोनों को तमंचा दिखाते हुए उन्हें दूसरे कमरे में ले जाकर बंद कर दिया। इसके बाद कमरे में रखी अलमारी का लॉक तोड़ कर उसमें से सारा जेवर व करीब दो लाख पचहत्तर हजार रुपए समेट कर चले गए। किसी तरह मौका मिलते ही रानी ने डायल-112 को सूचना दी।

मौके पर आकर पहुंची पुलिस ने दरवाजा खोल कर दोनों को बाहर निकाला। घर की तलाशी ली ,घर का सारा सामान फैला हुआ पड़ा था। पुलिस ने वीडियो भी बनाया है। रानी के पति मुकेश अवस्थी ने बताया की बेनीगंज कोतवाली में तहरीर दे दी गई है। एसएचओ इंद्रजीत सिंह ने कहा है कि तहरीर मिली है। वही हल्का दरोगा अमित कुमार सिंह का कहना है कि फिलहाल उन्हें ऐसे किसी मामले की जानकारी नहीं है।

यह भी पढ़ें:-बरेली: हिस्ट्रीशीटर महिला से पूरा गांव परेशान, 13 साल के बच्चे को रेप केस में भिजवाया जेल!

संबंधित समाचार