पीलीभीत: हत्या और लूट में उलझकर रह गई पुलिस की टीम
पीलीभीत, अमृत विचार। पति के साथ खेत पर घास काटने गई महिला की हत्या और पेट्रोल पंप के सेल्समैन पर हमला कर लूटपाट की घटनाएं पुलिस के गले की फांस बन गई हैं। एसपी की ओर से गठित की गई पुलिस की टीम गैर जनपद ही नहीं, उत्तराखंड तक दौड़-भाग कर चुकी हैं, लेकिन अभी …
पीलीभीत, अमृत विचार। पति के साथ खेत पर घास काटने गई महिला की हत्या और पेट्रोल पंप के सेल्समैन पर हमला कर लूटपाट की घटनाएं पुलिस के गले की फांस बन गई हैं। एसपी की ओर से गठित की गई पुलिस की टीम गैर जनपद ही नहीं, उत्तराखंड तक दौड़-भाग कर चुकी हैं, लेकिन अभी खुलासा करने में सफलता नहीं मिल सकी है। संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ चल रही है। मगर, उसमें भी अभी कोई ठोस साक्ष्य नहीं मिल सका है। हालांकि अधिकारियों का कहना है कि कार्रवाई की दिशा ठीक रही तो जल्द वर्कआउट किया जाएगा।
पहली वारदात सुनगढ़ी क्षेत्र में 24 मार्च को हुई थी। ग्राम बरहा निवासी खूबचंद और उनकी पत्नी राजेश्वरी देवी गांव के बाहर स्थित खेत पर शाम करीब चार बजे घास काटने गए थे। जमीन के पुराने विवाद की रंजिश में पहले से घात लगाए बैठे कुछ लोगों ने हमला कर दिया था। राजेश्वरी देवी की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। पति से मिली तहरीर पर पांच आरोपियों के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। इस घटना के खुलासे पर पुलिस काम कर रही थी कि अचानक एक और बड़ी वारदात अंजाम दे दी गई। जोकि पुलिस के लिए चुनौती साबित हुई।
26 मार्च की देर शाम जहानाबाद क्षेत्र के भानडांडी गांव स्थित पेट्रोल पंप पर बाइक सवार तीन बदमाश पहुंचे और दो सेल्समैन को चाकू से हमला कर लहूलुहान कर 82 हजार रुपये लूट ले गए थे। दोनों ही घटनाओं ने पुलिस की नींद उड़ा दी है। हत्या में नामजदगी होने के बावजूद पुलिस को आरोपियों के खिलाफ साक्ष्य जुटाने में कामयाबी नहीं मिल सकी। कुछ बिंदुओं पर संदेह उजागर होने पर जांच चल रही है, लेकिन उसमें भी कामयाबी नहीं मिल सकी है।
उधर, लूट के आरोपियों को पकड़ने के लिए चार टीम दौड़ तो लगा रही हैं, लेकिन उसका भी अभी तक खुलासा पुलिस नहीं कर सकी है। सर्विलांस से सुराग जुटाने का प्रयास भी अभी फिलहाल नाकाफी साबित रहा है। सीओ लल्लन सिंह ने बताया कि टीम लगी हुई है। सुरागरसी चल रही है। घटना का जल्द वर्कआउट किया जाएगा। कुछ बिंदुओं पर काम चल रहा है।
इसे भी पढ़ें-
पीलीभीत: कमीशनखोरी से जुड़ा वीडियो वायरल, फिर भी टाल गए कार्रवाई
