मुरादाबाद : ट्रेन के आगे कूदकर युवक ने दी जान, मोबाइल से हुई शिनाख्त
मुरादाबाद,अमृत विचार। कटघर थाना क्षेत्र में युवक ने ट्रेन के आगे कूदकर अपनी जान दे दी। युवक की दो माह बाद ही शादी होने वाली थी। परिवार के लोग शादी की तैयारियों में जुटे थे। युवक के आत्मघाती कदम से शादी की तैयारियां मातम में बदल गईं। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को …
मुरादाबाद,अमृत विचार। कटघर थाना क्षेत्र में युवक ने ट्रेन के आगे कूदकर अपनी जान दे दी। युवक की दो माह बाद ही शादी होने वाली थी। परिवार के लोग शादी की तैयारियों में जुटे थे। युवक के आत्मघाती कदम से शादी की तैयारियां मातम में बदल गईं। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। पुलिस आत्महत्या के कारणों की जानकारी करने का प्रयास कर रही है।
ट्रेन के आगे कूदकर खुदकुशी करने वाला अंकित (20) पुत्र जगराम सिंह कटघर थाना क्षेत्र के गांव धोबी वाली मिलक का निवासी था। पिता खेतीबाड़ी करते हैं। बड़े भाई राजवीर ने बताया कि अंकित का रिश्ता बहेड़ी निवासी युवती के साथ तय हो गया था। दो माह बाद शादी होनी थी। सोमवार रात अंकित टॉयलेट जाने की बात कहकर घर से निकल गया। देर रात घर से कुछ दूरी पर स्थित उसका शव दो भागों में कटा हुआ बरामद हुआ। मोबाइल फोन से शव की अंकित के रूप में हुई। जानकारी मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।
रोते-बिलखते परिजन मौके पर पहुंच गए। घटना से शादी समारोह की तैयारियां मातम में बदल गईं। बुजुर्ग पिता का बुरा हाल हो गया। इंस्पेक्टर कटघर आरपी शर्मा ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। आत्महत्या के कारणों की पड़ताल की जा रही है। सूत्रों का कहना है कि अंकित इस शादी के लिए तैयार नहीं था। यह शादी उसकी मर्जी के बगैर की जा रही थी। इंस्पेक्टर कटघर आरपी शर्मा ने बताया कि इस बिंदू पर भी जांच की जा रही है।
डेढ़ माह में दो बेटों की मौत से टूट गई जगराम सिंह रीढ़
डेढ़ माह पूर्व तक जगराम सिंह के परिवार में सब कुछ ठीक-ठाक था। तीन बेटों राजवीर, मनवीर, अंकित और बेटी अखिलेश के साथ परिवार बेहद खुश था। डेढ़ माह पूर्व दूसरे नंबर का बेटा मनवीर घर से बाजार जाने की बात कहकर निकला था। इस दौरान वह ट्रेन की चपेट में आ गया। सिर में गंभीर चोट लगने से उसकी मौत हो गई। मनवीर के परिवार में पत्नी व तीन बच्चे हैं। जगराम सिंह का परिवार अभी मनवीर की मौत के गम से पूरी तरह उबर भी नहीं सका था कि सोमवार की रात छोटे बेटे अंकित ने ट्रेन के आगे कूदकर जान दे दी। डेढ़ माह में दो बेटों की मौत से बुजुर्ग जगराम सिंह बदहवास हो गए। उनकी आंखों के आंसू भी सूख गए।
