मुरादाबाद : तमंचे के बल पर ट्रक चालक से मोबाइल व नगदी लूटी, चाकू से किया हमला
मुरादाबाद, अमृत विचार। कटघर थाना क्षेत्र में सोमवार देर रात पुराने टोल प्लाजा पर ट्रक की स्टपनी बदल रहे चालक से बाइक सवार बदमाशों ने तमंचे के बल पर नगदी व मोबाइल फोन लूट लिया। विरोध पर उस पर चाकू से हमला करके घायल कर दिया। घायल को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। सूचना …
मुरादाबाद, अमृत विचार। कटघर थाना क्षेत्र में सोमवार देर रात पुराने टोल प्लाजा पर ट्रक की स्टपनी बदल रहे चालक से बाइक सवार बदमाशों ने तमंचे के बल पर नगदी व मोबाइल फोन लूट लिया। विरोध पर उस पर चाकू से हमला करके घायल कर दिया। घायल को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। सूचना पाकर गाड़ी मालिक पहुंचे और वह ट्रक चालक को बेहतर उपचार के लिए हायर सेंटर ले गए।
ट्रक चालक शाहरुख हाथरस के सिकंदराराहू का रहने वाला है। वह ट्रक में गाजियाबाद से सामान लेकर मुरादाबाद आ रहा था। पुराने टोल प्लाजा के पास पहुंचा तभी टायर पंक्चर हो गया। बकौल शाहरुख रात करीब दो बजे वह स्टपनी बदल रहे थे। तभी बाइक सवार तीन बदमाशों ने तमंचे के बल पर उनकी जेब में रखे एक हजार रुपये और मोबाइल फोन लूट लिया। विरोध करने पर चाकू से हमला कर दिया।
वह घायल हालत में काफी देर तक सड़क किनारे पड़े रहे। होश आने पर दूसरे चालक से लिफ्ट लेकर मूंढापांडे थाना क्षेत्र स्थित एक ढाबे पर पहुंचे। इसके बाद उन्होंने पुलिस को सूचना दी। सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल ट्रक चालक को जिला अस्पताल में भर्ती कराया।
इंस्पेक्टर मूंढापांडे संजय पांचाल ने बताया कि घायल ट्रक चालक को जिला अस्पताल भिजवाया गया था। कटघर पुलिस को घटना की जानकारी दे दी गई है। कटघर इंस्पेक्टर आरपी शर्मा ने बताया कि सूचना मिली थी। घायल ट्रक चालक अस्पताल से चला गया है। तहरीर आने पर मुकदमा दर्ज करके कार्रवाई की जाएगी।
ये भी पढ़ें:- मुरादाबाद में 18 फीसदी तक घटी डीजल और पेट्रोल की खपत, बिना वजह वाहन चलाने से लोग करने लगे परहेज
