मुरादाबाद : दुष्कर्म का आरोपी छापता था नकली करेंसी, गिरफ्तार

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

मुरादाबाद, अमृत विचार। नकली नोट छाप कर बाजार में चलाने वाले गिरोह के एक सदस्य को मझोला पुलिस ने गिरफ्तार किया है। सोमवार की रात यह आरोपी सलेक्ट अस्पताल के पास अपने साथी का इंतजार कर रहा था। पुलिस ने आरोपी के पास से 100 रुपये के 18 नकली नोट बरामद किए हैं। आरोपी की …

मुरादाबाद, अमृत विचार। नकली नोट छाप कर बाजार में चलाने वाले गिरोह के एक सदस्य को मझोला पुलिस ने गिरफ्तार किया है। सोमवार की रात यह आरोपी सलेक्ट अस्पताल के पास अपने साथी का इंतजार कर रहा था। पुलिस ने आरोपी के पास से 100 रुपये के 18 नकली नोट बरामद किए हैं। आरोपी की पहचान अजराड़ा मेरठ निवासी चंदू पुत्र भूरे के रूप में हुई है।

पुलिस को आरोपी ने बताया कि डासना गाजियाबाद में रहने वाले उसके रिश्तेदार सलमान के घर में नोटों की छपाई हुई है। वह सलमान से कई बार 20-20 हजार रुपये के नकली नोट लेकर बाजार में चला चुका है। अभी डेढ़ महीने पहले भी वह 20 हजार रुपये के नोट लाया था, जिसमें से 18200 रुपये तो उसने बाजार में चला दिए। अब शेष 1800 रुपये चलाने के लिए आया था। आरोपी ने पुलिस की पूछताछ में बताया कि उसके साथी सलमान को पहले ही बुलंदशहर पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। उस समय पुलिस ने उसके घर में दबिश देकर नोट छापने की मशीन और लैपटॉप आदि बरामद किया था। मझोला पुलिस ने आरोपी की गिरफ्तारी की सूचना बुलंदशहर पुलिस को देने के साथ मामले की जांच शुरू कर दी है।

दुष्कर्म के मामले में वांछित था आरोपी
गिरफ्तार आरोपी चंदू मझोला थाना क्षेत्र में ही दुष्कर्म के एक मामले में वांछित था। पिछले साल नौ अक्टूबर को उसके खिलाफ पीड़िता ने मझोला थाने में मुकदमा दर्ज कराया था। आरोपी ने पीड़िता को शादी का झांसा देकर दुष्कर्म किया था। जब पीड़िता ने शिकायत करनी चाही तो आरोपी ने मारपीट कर उसे जान से मारने की धमकी दी थी।

लाखों रुपये का कर चुका है हेरफेर
चंदू ने पुलिस को बताया कि वह करीब एक साल से मुख्य आरोपी सलमान के साथ मिलकर नोटों की छपाई और बाजार में खपाने का काम कर रहा है। उसने खुद अकेले दम पर लाखों रुपये के नकली नोट बाजार में खपाए हैं। जबकि सलमान अपने अन्य साथियों के साथ इससे कहीं अधिक नकली नोट बाजार में खपा चुका है। पुलिस इस खुलासे के बाद नकली नोट छापने वाले गिरोह के तह तक जाने का प्रयास कर रही है।

नकली नोट के साथ पहले भी हुई गिरफ्तारी
जिले में नकली नोट का यह कोई पहला मामला नहीं है। इससे पहले 22 जून 2021 में मुंडापांडे थाना पुलिस ने नकली नोटों के साथ दो आरोपियों को गिरफ्तार किया था। इसके कुछ दिन बाद 28 जून 2021 को ही मूंढापांडे थाना पुलिस ने भी नकली नोटों की खेप के साथ पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा था। इसी प्रकार 2 दिन पहले बिजनौर थाना पुलिस ने मुरादाबाद से हरिद्वार जा रहे 100 और 500 के नकली नोट पकड़े थे।

संबंधित समाचार