बिजनौर : वन्य जीवों से फसलों को नुकसान होने पर किसानों ने की पंचायत, दी चेतावनी
रेहड़/बिजनौर/अमृत विचार। अमानगढ़ टाइगर रिजर्व वन रेंज के वन्यजीवों से क्षेत्र में हो रहे फसलों के नुकसान को लेकर आक्रोशित किसान मंगलवार दोपहर भाकियू के बैनर तले गांव केहरीपुर जंगल स्थित अमानगढ़ वन रेंज की चौकी में एकत्र हुए, जहां किसान पंचायत का आयोजन किया गया। किसानों की मांग पर डीएफओ बिजनौर डॉ. अनिल कुमार …
रेहड़/बिजनौर/अमृत विचार। अमानगढ़ टाइगर रिजर्व वन रेंज के वन्यजीवों से क्षेत्र में हो रहे फसलों के नुकसान को लेकर आक्रोशित किसान मंगलवार दोपहर भाकियू के बैनर तले गांव केहरीपुर जंगल स्थित अमानगढ़ वन रेंज की चौकी में एकत्र हुए, जहां किसान पंचायत का आयोजन किया गया। किसानों की मांग पर डीएफओ बिजनौर डॉ. अनिल कुमार पटेल, वन क्षेत्राधिकारी राकेश कुमार शर्मा एवं तहसीलदार धामपुर कमलेश कुमार किसानों की समस्याएं सुनने पहुंचे।
किसानों ने अधिकारियों को दो टूक चेतावनी दी कि यदि एक माह के अन्दर उनकी समस्याओं का समाधान नहीं किया गया तो वह आंदोलन को वाध्य होंगे। किसानों ने डीएफओ को दिए ज्ञापन में कहा कि खेतों और वन की खुली सीमा के बीच 500 मीटर चौड़ी फायरलाइन विकसित करके सोलर फेंसिंग लगाई जाए। किसी कारण के चलते किसान के खेत में वन्य जीव की मृत्यु हो जाने पर किसानों का शोषण न किया जाए। वन की सीमा के साथ बह रहे बरसाती नाले को पक्का करके एलीफेंट ट्रेंच बनाया जाए। किसानों के खेतों में निवास कर रहे गुलदारों को पकड़कर वन में छोड़ा जाए, 4 वर्षों से लंबित मुआवजों का तुरंत भुगतान किया जाए। हिरन, चीतल, सांभर, जंगली सूअर द्वारा फसलों को नुकसान पहुंचाने पर भी मुआवजा दिया जाए।
वन्यजीवों से बचाव के लिए किसान स्वयं कोई प्रयास करता है तो सरकार उस बचाव कार्य की लागत में किसानों को सब्सिडी दे। उधर किसानों ने डीएम बिजनौर को संबोधित ज्ञापन तहसीलदार धामपुर कमलेश कुमार को दिया, जिसमें कहा गया है कि गत वर्ष ब्लॉक अफजलगढ़ क्षेत्र में प्रशासन ने धान एवं गेहूं के 16 क्रय केंद्र खुलवाए थे, परंतु इस सत्र में गेहूं क्रय केंद्रों की संख्या घटाकर मात्र छह कर दी गई है, जिससे किसानों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ेगा। किसानों ने बंद किए गए गेहूं क्रय केंद्रों को तत्काल खुलवाने की मांग डीएम बिजनौर से की है। डीएफओ अनिल कुमार पटेल एवं तहसीलदार धामपुर ने किसानों की समस्याओं को उच्चाधिकारियों तक पहुंचाने और हर संभव समाधान के प्रयास का भरोसा दिलाया। इस अवसर पर भाकियू के मंडल अध्यक्ष चौधरी दिगंबर सिंह, ब्लॉक अध्यक्ष दर्शन सिंह फौजी, चौधरी विजेंद्र सिंह, सरदार मुख्तियार सिंह, राजकुमार चौहान, राणा सैनी आदि किसान उपस्थित रहे।
पशुओं की मौत होने पर चिकित्सा अधिकारी को लिखा पत्र
कालागढ़। नई कालोनी के सुखा स्रोत एवं उनके आसपास के इलाकों में फालतू एवं घुमंतू पशुओं की किसी अज्ञात बीमारी से मौत हो रही है। पशुओं की मौत के संबंध में आम आदमी पार्टी के मंडल अध्यक्ष परशुराम ने कालागढ़ स्थित स्वास्थ्य केंद्र के पशु चिकित्सा अधिकारी को पत्र लिखकर इस संबंध में सकारात्मक कदम उठाने की मांग की है।
ये भी पढ़ें : पूर्व प्रधान के बेटों ने की फौजी के पिता की हत्या, भाई और खुद गंभीर रूप से घायल
