बिजनौर : सड़क देखकर नाराज हुए डीएम, मांगा स्पष्टीकरण
बिजनौर,अमृत विचार। जिलाधिकारी उमेश मिश्रा ने मंगलवार को नगर पालिका किरतपुर के अंतर्गत बस स्टैंड के पीछे मुख्य बाजार में बनने वाली सीसी रोड का औचक निरीक्षण किया, जिसमें कार्य की लागत मानक तथा निर्माण सामग्री से संबंधित आवश्यक जानकारी का बोर्ड स्थापित न पाए जाने पर नाराजगी व्यक्त कर अधिशासी अधिकारी नगर पालिका को …
बिजनौर,अमृत विचार। जिलाधिकारी उमेश मिश्रा ने मंगलवार को नगर पालिका किरतपुर के अंतर्गत बस स्टैंड के पीछे मुख्य बाजार में बनने वाली सीसी रोड का औचक निरीक्षण किया, जिसमें कार्य की लागत मानक तथा निर्माण सामग्री से संबंधित आवश्यक जानकारी का बोर्ड स्थापित न पाए जाने पर नाराजगी व्यक्त कर अधिशासी अधिकारी नगर पालिका को चेतावनी दी तथा अवर अभियंता नगर पालिका परिषद किरतपुर का स्पष्टीकरण तलब करने के आदेश दिए।
साथ ही उन्होंने सभी अधिकारियों को निर्देश दिए कि विकास से संबंधित निर्माण कार्यों को शुरू करने से पूर्व कार्य की लागत, मानक से संबंधित सभी आवश्यक जानकारियों पर आधारित सूचना बोर्ड स्थापित कराएं ताकि कार्य की गुणवत्ता पारदर्शी रूप से प्रदर्शित हो सके। निरीक्षण के दौरान प्रारंभिक कार्य होता हुआ पाया गया तथा पूर्व में बनी सड़क को तोड़कर उस पर 3 इंच बालू रेत की परत पाई गई,जिस पर रोलर नहीं चलाया गया था।
जिलाधिकारी द्वारा रोलर न चलाए जाने के बारे में जानकारी करने पर अवर अभियंता द्वारा संतोषजनक जवाब नहीं दिया गया। उन्होंने निर्देश दिए कि रोड की गुणवत्ता के लिए मानक के अनुरूप सामग्री के साथ-साथ बालू-बजरी मिश्रण लेयर को अपेक्षित रूप से दबाने के लिए उस पर रोलर जरूर चलाएं जिससे उसकी मजबूती बनी रहे। जानकारी प्राप्त करने पर जेई द्वारा यह भी बताया गया कि रोड पर 3 इंच और रेत बजरी का मिश्रण डाला जाएगा, इस प्रकार सड़क पर कुल रेत बजरी आदि का 6 इंच मिश्रण की लेयर के बाद उस पर 6 इंच सीसी रोड की परत डाली जाएगी।
उन्होंने उपस्थित अधिशासी अधिकारी नगर पालिका को निर्देशित किया कि सीसी रोड निर्माण कार्य में किसी भी प्रकार की अनियमितता प्रकाश में न आने पाए और सभी कार्य निर्धारित मानक और गुणवत्ता के अनुरूप संपन्न कराए जाएं। सड़क किनारे नालियों की सफाई ना पाए जाने पर उन्होंने ईओ के प्रति नाराजगी व्यक्त करते हुए तत्काल सभी नालियों को साफ कराने के निर्देश दिए। जनसामान्य और दुकानदारों से भी आह्वान किया कि जो भी विकास कार्य उनके सामने हो रहे हो उनका स्वयं भी ध्यान रखे और यदि कोई अनियमितता प्रकाश में आती है तो तत्काल उसके बारे में जिला प्रशासन को जरूर बताएं, ताकि जांच करा कर निर्माण कार्यों में निर्धारित नियमों का पूर्ण पालन कराया जा सके। इस अवसर पर अतिरिक्त मजिस्ट्रेट मोहित कुमार, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका एवं अवर अभियंता नगर पालिका किरतपुर सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
आपको बता दें कि इस मुख्य बाजार की सड़क का समाचार 25 मार्च के अंक में अमृत विचार ने ‘बस स्टैंड से मंडावर तिराहा मार्ग जर्जर’ शीर्षक से प्रमुखता से प्रकाशित किया था, जिसका संज्ञान लेते हुए सड़क का निर्माण शुरू हुआ था, जिसमें निर्माण सामग्री मानक के अनुरूप नहीं लगाई, जिसकी जिलाधिकारी उमेश मिश्रा ने जांच की।
ये भी पढ़ें : वन्य जीवों से फसलों को नुकसान होने पर किसानों ने की पंचायत, दी चेतावनी
