अफवाहों के बीच अयोध्या में शांतिपूर्ण ढंग से हुई 12वीं की बोर्ड परीक्षा

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

अयोध्या। प्रदेश के 24 जिलों में इंटरमीडिएट की परीक्षा रद होने के बाद सूबे भर में परीक्षा कैंसिल होने की अफवाहों के बीच यहां शांतिपूर्ण ढंग से इंटर की परीक्षा सम्पन्न हुई। बुधवार दोपहर पेपर लीक होने की घटना के बाद परीक्षार्थी आशंकाओं से घिरे परीक्षा केंद्र पहुंचे। 24 जिलों में परीक्षा रद्द किए जाने …

अयोध्या। प्रदेश के 24 जिलों में इंटरमीडिएट की परीक्षा रद होने के बाद सूबे भर में परीक्षा कैंसिल होने की अफवाहों के बीच यहां शांतिपूर्ण ढंग से इंटर की परीक्षा सम्पन्न हुई। बुधवार दोपहर पेपर लीक होने की घटना के बाद परीक्षार्थी आशंकाओं से घिरे परीक्षा केंद्र पहुंचे। 24 जिलों में परीक्षा रद्द किए जाने के बाद यहां भी जिला प्रशासन और माध्यमिक शिक्षा विभाग अलर्ट मोड पर रहा।

दो बजे से शाम सवा पांच बजे तक चली इंटरमीडिएट अंग्रेजी परीक्षा के दौरान केन्द्रों के बाहर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रही। जिले में बनाए गए कंट्रोल रूम से लगातार परीक्षा केंद्रों की निगरानी की जाती रही। नोडल और सेक्टर मजिस्ट्रेट भी शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में मोबाइल रहे। हालांकि यहां भी परीक्षार्थी तब तक आशंकाओं से घिरे रहे जब तक अंदर प्रवेश नहीं मिल गया और परीक्षा शुरू हो गई।

साहबगंज स्थित एएसवी कालेज से सायं परीक्षा देकर निकले परीक्षार्थियों ने कहा कि बार-बार पेपर आउट होना उचित नहीं है। सरकार को ठोस कदम उठाना चाहिए। परीक्षा देकर निकले परीक्षार्थी ओम प्रकाश शर्मा ने बताया कि अंग्रेजी का पेपर ठीक रहा। उसने बताया दोपहर खबर सुन कर बेचैनी हुई थी लेकिन परीक्षा देकर चैन मिला। अनुराग वर्मा ने कहा कि पहले टीईटी का पेपर लीक हुआ अब इंटर का, यह व्यवस्था पर सवाल है। कहा बड़ी राहत की बात है कि हम लोग इसकी चपेट में नहीं आए।

अभय मिश्रा ने कहा पेपर न सरल था न कठिन, लेकिन पेपर का आऊट होना उचित नहीं है। सरकार और जिम्मेदारों को गंभीर होना होगा। किसी भी परीक्षा का पेपर लीक होना उसके परीक्षार्थियों के भविष्य के साथ खिलवाड़ है। वहीं डीआईओएस राकेश कुमार ने बताया कि जिले में अंग्रेजी की परीक्षा सकुशल सम्पन्न हुई है। कहीं कोई दिक्कत सामने नहीं आई है। उन्होंने बताया कि परीक्षा केंद्रों के केन्द्राध्यक्षों को निर्देशित किया गया था कि परीक्षार्थियों की किसी भी आशंका का समाधान तत्काल करें।

यह भी पढ़ें:-प्रयागराज: टी-20 वर्ल्ड कप में भारत की हार पर पाकिस्तान की नारेबाजी करने वाले कश्मीरी छात्रों को मिली जमानत

संबंधित समाचार