रामपुर : राज्यमंत्री बलदेव औलख ने चेताया- सपा सरकार आने की गफलत में सलाम बजाने पहुंचे अफसर हटेंगे
रामपुर, अमृत विचार। जिला सहाकारी बैंक में हुए स्वागत समारोह में कृषि राज्यमंत्री बलदेव सिंह औलख ने जिले के उन अफसरों को चेताया जो समाजवादी पार्टी की सरकार बनने की गफलत में थे, उन्होंने कहा कि चुनाव से पूर्व बहुत से लोग अति उत्साह में थे कि सपा सरकार बन रही है। कुछ अधिकारी भी …
रामपुर, अमृत विचार। जिला सहाकारी बैंक में हुए स्वागत समारोह में कृषि राज्यमंत्री बलदेव सिंह औलख ने जिले के उन अफसरों को चेताया जो समाजवादी पार्टी की सरकार बनने की गफलत में थे, उन्होंने कहा कि चुनाव से पूर्व बहुत से लोग अति उत्साह में थे कि सपा सरकार बन रही है। कुछ अधिकारी भी सलाम बजाने पहुंच रहे थे। वह सब मेरी जानकारी में हैं। कहा कि चुनाव में प्रदेश की जनता ने मुख्यमंत्री के कार्यों को सराहा एवं उन पर विश्वास व्यक्त किया है। रामपुर की जनता ने भी मुझे प्यार एवं स्नेह देकर चुना है। आप सभी का आभार व्यक्त करता हूं। और आश्वासन देता हूं कि रामपुर की जनता के विकास के लिए पूरी निष्ठा और लगन से कार्य करूंगा।
जिला सहकारी बैंक में योगी सरकार में दूसरी बार कृषि एवं कृषि शिक्षा अनुसंधान मंत्री बने बलदेव सिंह औलख का हर्ष उल्लास के साथ लोगों ने स्वागत का किया। इससे पहले राज्यमंत्री के रामपुर आगमन पर रेलवे स्टेशन चौराहा, मुरारीलाल की धर्मशाला एवं गुरुद्वारे में फूल मालाओं एवं सरोपा भेंट कर स्वागत किया गया। उसके बाद जीप में ढोल नगाड़ों के साथ एवं जगह-जगह पर पुष्प वर्षा तथा नारों के साथ उत्साही कार्यकर्ताओं के साथ जिला सहकारी बैंक सभागार पहुंचे। वहां पर भी कार्यकर्ताओं ने एवं पदाधिकारियों ने फूलमालाओं के साथ स्वागत किया।
इस मौके पर बलदेव औलख ने कहा कि सबको देखा जाएगा, लेकिन जनता ने उन सब को देख लिया और जान भी लिया, कि यह लोग किस मानसिकता के हैं। उन्होंने कहा अब कार्यकर्ताओं की उपेक्षा किसी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। पार्टी के कार्यकर्ताओं के साथ यदि कोई दुर्व्यवहार या उपेक्षा की गई, तो वह मेरी उपेक्षा समझी जाएगी। पैक्सफेड के चेयरमैन सूर्य प्रकाश पाल ने कहा कि जनता ने योगी और मोदी के कार्यों की सराहना करते हुए प्रदेश में योगी की सरकार को प्रचंड बहुमत से जिताया है ऐसे में पार्टी के कार्यकर्ताओं के सम्मान के साथ में कोई समझौता बर्दाश्त नहीं होगा। अधिकारी अच्छी तरह समझ ले और जान लें। भाजपा जिलाध्यक्ष अभय गुप्ता ने सभी आए हुए पार्टी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा की इस नई पारी में नई उर्जा एवं उत्साह के साथ कार्य किया जाएगा। कार्यक्रम का संचालन महामंत्री अशोक विश्नोई ने किया।
यह लोग रहे मौजूद
जिला पंचायत अध्यक्ष ख्यालीराम लोधी, कपिल आर्य, जागेश्वर दयाल दीक्षित, सुभाष भटनागर, मोहन लाल सैनी, पूर्व विधायक ज्वाला प्रसाद गंगवार, आकाश सक्सेना, देवकरन गंगवार, राजीव मांगलिक, जगपाल सिंह यादव, कुलवंत औलख, अर्चना गंगवार, रविंद्र सिंह रवि,सतनाम सिंह, हरीश गंगवार,चंद्र प्रकाश शर्मा, भारत भूषण गुप्ता, महासिंह राजपूत, प्रदीप गुप्ता, पारुल अग्रवाल, प्रतिभा अग्रवाल, संजय पाठक, शकुंतला लोधी, दिलीप सक्सेना, अवधेश शर्मा, प्रमोद आहूजा, राजकुमार चौहान,प्रभात अग्रवाल आदि उपस्थित रहे।
सपा के प्रति वफादार अफसरों पर गिरेगी गाज
भाजपा सूत्रों के मुताबिक विधान सभा चुनाव में जिले के कुछ ऐसे अफसरों गाज गिरना तय माना जा रहा है जोकि प्रदेश में सपा सरकार आने की पूरी उम्मीद में थे। ऐसे अफसरों ने भाजपा नेताओं की उपेक्षा भी करनी शुरू कर दी थी। अब प्रदेश में भाजपा की सरकार बन चुकी है। ऐसे में सपा के प्रति वफादार दिखने वाले अफसर भाजपाइयों को खटकने लगे हैं। ऐसे अफसरों की सूची तैयार की जाने लगी है। इनके तबादले के साथ ही विभागीय कार्रवाई भी कराने की तैयारी चल रही है।
