बरेली: जमीनी विवाद में चली गोलियां, हुआ पथराव, चार लोग घायल, रिपोर्ट दर्ज, गांव में पुलिस बल भी तैनात

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। फतेहगंज पूर्वी के गांव नगरियां कलां में शुक्रवार सुबह जमीनी विवाद को लेकर दो पक्षों में गोलियां चलीं, जमकर पथराव हुआ। हमले में करीब चार-पांच लोग घायल भी हो गए। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर तीन लोगों के नामजद मुकदमा दर्ज कर लिया है। साथ ही एक आरोपी को गिरफ्तार भी …

बरेली, अमृत विचार। फतेहगंज पूर्वी के गांव नगरियां कलां में शुक्रवार सुबह जमीनी विवाद को लेकर दो पक्षों में गोलियां चलीं, जमकर पथराव हुआ। हमले में करीब चार-पांच लोग घायल भी हो गए। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर तीन लोगों के नामजद मुकदमा दर्ज कर लिया है। साथ ही एक आरोपी को गिरफ्तार भी कर लिया है। मामले की गंभीरता को लेकर गांव में पुलिस बल भी तैनात किया गया है।

सुबह करीब सात बजे हुआ विवाद
दरअसल, फतेहगंज पूर्वी के गांव नगरिया कलां के रहने वाले वीरपाल के तहेरे भाई कमलेश ने बताया कि जमीनी विवाद को लेकर रामपाल से उनका काफी पुराना विवाद चल रहा था। पहले भी इस मामले को लेकर पुलिस से शिकायत की जा चुकी है मगर इसका कोई फायदा नहीं हुआ। शुक्रवार की सुबह करीब 6:30 बजे रामपाल का बेटा वीरपाल के साथ गाली गलौच करने लगा। जब उन्होंने गाली गलौच करने का विरोध किया तो उसने पथराव करना शुरू कर दिया। हंगामा होते देख परिवार के अन्य सदस्य भी घर से निकल आए और विवाद बढ़ता चला गया।

करीब 20 राउंड किए फायर
कमलेश ने बताया कि पथराव होते-होते रामपाल और उसके बेटे तमंचा निकाल लाए। उनके बेटे बदन सिंह और मान सिंह ने करीब 20 राउंड फायर किए। जिसके बाद उसमें से एक गोली कमलेश को भी जा लगी। गनीमत रही कि गोली कमलेश के पैर में लगी। जिससे उनकी जान बच गई। गोलीबारी होते ही पूरे गांव में हड़कंप मच गया। इस विवाद में करीब तीन से चार लोगों के घायल होने की भी बात सामने आई है। बताया यह भी जा रहा है कि वीरपाल के परिवार के अलावा भी एक दो लोग घायल हुए है।

सूचना पर पहुंची पुलिस ने किया मुकदमा दर्ज
गांव में गोलीबारी और पथराव की सूचना के बाद तत्काल प्रभाव से पुलिस भी पहुंच गई। जिसके बाद वीरपाल की तरफ से रामपाल और उसके दो बेटों बदन सिंह और मान सिंह के खिलाफ तहरीर दी गई। मामले में पुलिस ने 307, 323, 504 और 506 आईपीसी में मुकदमा दर्ज कर लिया है। साथ ही मामले में रामपाल को गिरफ्तार भी कर लिया है। मगर रामपाल के दोनों बेटे मान सिंह और बदन सिंह अभी भी फरार है। पुलिस ने उनकी गिरफ्तारी के लिए टीमों को लगा दिया है।

गंभीरता को देखते हुए पुलिस बल भी तैनात
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने गांव में पुलिस बल भी तैनात कर दिया है। बताया जा रहा है कि गोलीबारी और पथराव के बाद गांव में दहशत का माहौल है। जिसकी वजह से अभी पुलिस बल वहां पर तैनात रहेगा।

वर्जन: थाना फतेहगंज पूर्वी के गांव नगरिया कलां में दो पक्षों में जमीन को लेकर विवाद हो गया है। जिसमें कुछ लोग घायल भी हुए है। मामले में पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
— राजकुमार अग्रवाल, एसपी देहात

 

 

इसे भी पढ़ें-

बरेली: अप्रैल के पहले दिन ही तापमान पहुंचा 38 डिग्री, अगले 15 दिनों में 40 डिग्री तक पहुंचने की उम्मीद

संबंधित समाचार