सहारनपुर: स्नातक छात्रा की खुदकुशी के मामले में चार गिरफ्तार

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

सहारनपुर। उत्तर प्रदेश में सहारनपुर जिले के कस्बा बेहट में अनुसूचित जाति की स्नातक छात्रा की खुदकुशी के मामले में पुलिस ने चार युवकों को गिरफ्तार किया है। इस मामले में कार्य के प्रति लापरवाही बरतने के आरोप में एक सिपाही को मुअत्तल कर दिया गया है। पुलिस सूत्रों ने रविवार को बताया कि बीए …

सहारनपुर। उत्तर प्रदेश में सहारनपुर जिले के कस्बा बेहट में अनुसूचित जाति की स्नातक छात्रा की खुदकुशी के मामले में पुलिस ने चार युवकों को गिरफ्तार किया है। इस मामले में कार्य के प्रति लापरवाही बरतने के आरोप में एक सिपाही को मुअत्तल कर दिया गया है। पुलिस सूत्रों ने रविवार को बताया कि बीए की 20 वर्षीय छात्रा ने अपने फोटो वायरल होने और पुलिस द्वारा कार्रवाई नहीं होने से आहत होकर पिछली 31 मार्च को खुदकुशी कर ली थी।

छात्रा ने सुसाइड नोट में दो युवकों को अपनी मौत का जिम्मेदार ठहराया। बेहट पुलिस ने इस मामले में रविवार को चार युवकों को गिरफ्तार किया है। एसएसपी आकाश तोमर ने पुलिस लापरवाही की जांच सीओ बेहट चित्रांशु गौतम को सौंपी है। उन्होंने लापरवाही बरतने वाले सिपाही अतुल कुमार को मुअत्तल कर दिया है। उन्होंने बताया कि कस्बा बेहट केे मोहल्ला माजरी निवासी छात्रा अपनी मां के साथ 31 मार्च की रात्रि में करीब साढे 11 बजे इन युवकों की शिकायत करने बेहट थाने गई थी।

थानाध्यक्ष बृजेश पांडे और डयूटी पर तैनात दरोगा ने मां-बेटी की शिकायत नहीं सुनी और मौजूद सिपाही अतुल कुमार ने उन्हें अगले दिन सुबह थाने पर आने को कहकर वापस लौटा दिया। छात्रा की मां का आरोप है कि पुलिस में सुनवाई न होने से आहत उनकी बेटी ने एक अप्रैल को तडके कोई विषैला पदार्थ खाकर खुदकुशी कर ली। छात्रा के पिता उत्तरकाशी में अपने काम पर गए हुए थे। परिजनों ने बिटिया का अंतिम संस्कार कर दिया।

शनिवार को छात्रा के परिजनों को उसकी किताब सेे एक सुसाइड नोट मिला। जिसमें उसने अपनी खुदकुशी के लिए पडोस के दो युवकों को दोषी ठहराया। छात्रा ने अपने परिजनों को इस मामले में बेकसूर बताया। छात्रा के परिजनो ने बेहट कोतवाली में अपने पडोसी सलीम और उसके भाई वसीम के खिलाफ तहरीर दी जिसमें आरोप लगाया गया कि उनके कारण उनकी बिटिया ने खुदकुशी की है।

घटना की जानकारी मिलने पर बीती रात एसएसपी आकाश तोमर बेहट कोतवाली गए और स्वयं पूरे मामले की जानकारी ली। पुलिस ने रविवार को नामजद आरोपी दोनो सगे भाइयों सलीम और वसीम को और उनसे पूछताछ करने के बाद मोहल्ले के ही दो अन्य युवकों धीरज और मोहित को गिरफ्तार कर लिया है। एसपी देहात अतुल शर्मा ने बताया कि पुलिस ने छात्रा को आत्महत्या के लिए उकसाने की आईपीसी की धारा 306 के तहत चारो युवकों के खिलाफ मामला दर्ज कर उनको गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार चारो युवकों को कोर्ट में पेश कर जेल भेजे जाने की कार्रवाई की जा रही है।

यह भी पढ़ें:-मुरादाबाद : एसएसपी को मिली जुआ सट्टे की गुप्त सूचना, आरोपी तक पहुंची

संबंधित समाचार