अयोध्या: गोरखपुर की घटना के बाद अयोध्या में अलर्ट, सुरक्षा के साथ चेकिंग बढ़ी

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

अयोध्या। गोरखपुर में रविवार की रात गोरखनाथ मंदिर में पुलिस कर्मियों पर हुए हमले की घटना के बाद अयोध्या में भी सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है। अयोध्या में सघन चेकिंग का दायरा बढ़ाते हुए मठ-मंदिरों पर सतर्कता बरती जा रही है। अधिगृहित परिसर के अतिरिक्त सभी संवेदनशील स्थलों पर सीसीटीवी कैमरों से निगरानी अनवरत …

अयोध्या। गोरखपुर में रविवार की रात गोरखनाथ मंदिर में पुलिस कर्मियों पर हुए हमले की घटना के बाद अयोध्या में भी सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है। अयोध्या में सघन चेकिंग का दायरा बढ़ाते हुए मठ-मंदिरों पर सतर्कता बरती जा रही है। अधिगृहित परिसर के अतिरिक्त सभी संवेदनशील स्थलों पर सीसीटीवी कैमरों से निगरानी अनवरत 24 घंटे कर दी गई है।

गोरखपुर में हुए सुरक्षा बल पर हमले के बाद अयोध्या में भी सुरक्षा घेरा सख्त कर दिया गया है। अयोध्या में चल रहे प्राचीन रामनवमी मेले को लेकर संवेदनशीलता और बढ़ गई है, जिसके कारण अयोध्या के सभी प्रवेश द्वारों पर सघन तलाशी के बाद ही वाहनों को प्रवेश दिया जा रहा है। वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों समेत स्थानीय खुफिया एजेंसियों के लोग भी कड़ी निगरानी में लगे हुए हैं।

जिला प्रशासन की ओर से बताया गया है कि सीसीटीवी के माध्यम से संपूर्ण मेला क्षेत्र में संदिग्धों पर नजर रखी जा रही है। पुलिस के सभी दस्तों को विशेष एलर्ट पर रखा गया है। खासकर रामकोट, हनुमानगढ़ी, कनक भवन, राम की पैड़ी और अन्य स्थानों पर अतिरिक्त सुरक्षा व्यवस्था के इंतजाम किए गए हैं।

बता दें कि दो अप्रैल से प्रान्तीय स्तर का राम नवमी मेला शुरू हो गया है। रामनगरी में श्रद्धालुओं की संख्या भी बढ़ रही है। जिसके चलते सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चाक चौबंद व्यवस्था की गई है।

यह भी पढ़ें-हरदोई: प्रधानों और मनरेगा कर्मियों का लगा प्रशिक्षण शिविर

संबंधित समाचार