मुरादाबाद : सरकारी स्कूल में कराएं अधिक से अधिक बच्चों का प्रवेश

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

मुरादाबाद, अमृत विचार। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को श्रावस्ती में स्कूल चलो अभियान का उद्‌घाटन किया। इसका सजीव प्रसारण शहर में पंचायत भवन में किया गया। मुख्यमंत्री ने अभियान की शुरुआत कर कहा कि बेसिक शिक्षा परिषद के स्कूलों का कायाकल्प हो चुका है। शिक्षा की गुणवत्ता में सरकार का पूरा ध्यान है। मुख्यमंत्री …

मुरादाबाद, अमृत विचार। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को श्रावस्ती में स्कूल चलो अभियान का उद्‌घाटन किया। इसका सजीव प्रसारण शहर में पंचायत भवन में किया गया। मुख्यमंत्री ने अभियान की शुरुआत कर कहा कि बेसिक शिक्षा परिषद के स्कूलों का कायाकल्प हो चुका है। शिक्षा की गुणवत्ता में सरकार का पूरा ध्यान है। मुख्यमंत्री द्वारा अभियान की शुरुआत करने के कार्यक्रम का सजीव प्रसारण परिषदीय स्कूल के बच्चों, शिक्षकों, अभिभावकों, जनप्रतनिधियों और अधिकारियों ने देखा। स्थानीय स्तर पर कार्यक्रम की शुरुआत जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. शेफाली सिंह, महापौर विनोद अग्रवाल, विधान परिषद सदस्य गोपाल अंजान, मुख्य विकास अधिकारी आनंद वर्धन और जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी बुद्ध प्रिय सिंह ने मां शारदे के चित्र के समक्ष दीप जलाकर किया।

नगर क्षेत्र मुरादाबाद के कंपोजिट विद्यालय की छात्राओं ने सरस्वती वंदना की। कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय की छात्राओं ने स्वागत गीत प्रस्तुत किया। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी बुद्ध प्रिय सिंह ने इसकी रूपरेखा के बारे में बताते हुए कहा कि जिले में 1408 परिषदीय विद्यालयों में स्कूल चलो अभियान शुरू हो गया है। इसमें बच्चों के नामांकन के साथ उनकी विद्यालयों में उपस्थिति और ठहराव पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। आंगनबाड़ी केंद्रों पर पंजीकृत बच्चों का भी कोलेबोरेटेड शिक्षा के तहत विद्यालयों में नामांकन कर उनको शिक्षित किया जाएगा।

जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. शेफाली सिंह ने कहा कि शिक्षा और साक्षरता दोनों जरूरी है। आज खासकर कोविड संक्रमण काल के चलते शिक्षक, अभिभावक और छात्रों के बीच संवाद बढ़ा है। इससे शिक्षा में गुणात्मक सुधार होगा।

मुख्य विकास अधिकारी आनंद वर्धन में शिक्षकों का आह्वान किया कि वह स्कूलों में बच्चों के नामांकन और ठहराव बढ़ाने पर विशेष जोर दें। विधान परिषद सदस्य गोपाल अंजान और महापौर विनोद अग्रवाल ने कहा कि प्रदेश सरकार बेसिक शिक्षा परिषद के स्कूलों में सुधार के प्रति कटिबद्ध है। सरकार स्कूलों की दशा सुधारने के साथ ही गुणवत्ता परक शिक्षा पर भी ध्यान दे रही है। महापौर ने कहा कि स्मार्ट सिटी मिशन के तहत पहले चरण में नगरीय क्षेत्र के 24 स्कूलों में स्मार्ट क्लास शुरू कराई गई थी। अब दूसरे चरण में 48 सरकारी स्कूलों के कायाकल्प का कार्य स्मार्ट सिटी परियोजना में कराया जा रहा है। कार्यक्रम में हर ब्लॉक से दो बच्चों को प्रेरक छात्र और विद्यालय की विभिन्न श्रेणियों में नामांकन बढ़ाने, आपरेशन कायाकल्प के 19 पैरामीटर पूर्ण करने और गुणवत्ता के क्षेत्र में कार्य करने वाले शिक्षकों को भी प्रशस्ति पत्र देकर उनका उत्साहवर्धन किया गया।

कार्यक्रम के बाद अतिथियों ने कम्पोजिट विद्यालय गांधी पार्क में बच्चों के साथ मध्याह्न भोजन भी किया। इस दौरान नगर शिक्षा अधिकारी नगेंद्र कुमार सिंह, उमेन्द्र दत्त त्रिपाठी, सुभाष, राहुल शर्मा, जिला गाइड कैप्टन मधु सक्सेना सहित एमडीएम, सर्व शिक्षा अभियान के जिला समन्वयक के अलावा शिक्षक, शिक्षामित्र और प्रेरक संघ के प्रतिनिधि भी उपस्थित रहे।

संबंधित समाचार