Sri Lanka crisis : श्रीलंका के नए वित्त मंत्री ने दिया इस्तीफा, एक दिन पहले हुई थी नियुक्ति
कोलंबो। श्रीलंका के अत्यंत खराब आर्थिक संकट से निपटने के लिए देश के वित्त मंत्री चुने जाने के एक दिन बाद ही अली साबरी ने मंगलवार को इस्तीफा दे दिया। साबरी उस चार-सदस्ययी अस्थायी मंत्रिमंडल के सदस्य थे जिसका गठन राष्ट्रपति गोतबाया राजपक्षे ने सोमवार को सरकार के खिलाफ बढ़ते विरोध प्रदर्शन के बीच किया …
कोलंबो। श्रीलंका के अत्यंत खराब आर्थिक संकट से निपटने के लिए देश के वित्त मंत्री चुने जाने के एक दिन बाद ही अली साबरी ने मंगलवार को इस्तीफा दे दिया। साबरी उस चार-सदस्ययी अस्थायी मंत्रिमंडल के सदस्य थे जिसका गठन राष्ट्रपति गोतबाया राजपक्षे ने सोमवार को सरकार के खिलाफ बढ़ते विरोध प्रदर्शन के बीच किया था।
साबरी ने राष्ट्रपति के भाई बासिल राजपक्षे की जगह वित्त मंत्रालय संभाला था, जिन्हें इस आर्थिक संकट के लिए जिम्मेदार माना जा रहा है। साबरी उन 29 मंत्रियों में से हैं जिन्होंने दो दिन पहले सामूहिक रूप से इस्तीफा दिया था। उन्होंने मंगलवार को राष्ट्रपति से कहा कि वह वित्त मंत्री के पद से इसलिए हट रहे हैं क्योंकि उनका इरादा कोई पद लेने का नहीं था।
साबरी ने कहा, “संसदीय लोकतंत्र को बरकरार रखने और व्यवस्था व संवैधानिक शासन को स्थिर रखने के लिए, व्यावसायिक समुदाय, कामकाजियों और मेरे कुछ मंत्रिमंडल के साथियों के सुझाव पर मैंने वित्त मंत्री का पद अंतरिम तौर पर संभाला था।” उन्होंने कहा, “… मगर काफी सोच-विचार करने के बाद, वर्तमान स्थिति को ध्यान में रखते हुए मेरा मानना है कि इस अभूतपूर्व संकट से लड़ने के लिए गैर-पारंपरिक कदम उठाने की जरूरत है, जिसमें एक नए वित्त मंत्री की नियुक्ति भी शामिल है।”
साबरी ने कहा कि “इस अहम घड़ी में देश को आर्थिक संकट से निपटने के लिए स्थिरता की जरूरत है।” श्रीलंका इस समय 1948 में आजादी के बाद से अपने सबसे बुरे आर्थिक संकट से जूझ रहा है। इसके कारण देशभर में ईंधन और अन्य आवश्यक वस्तुओं की कमी हो गई है और श्रीलंकाई रुपया अपने सबसे बुरे दौर से गुजर रहा है।
