मुरादाबाद : कार्निवल मेले में लगी आग, चार दुकानों का सामान खाक, लाखों का हुआ नुकसान
मुरादाबाद। रामलीला मैदान में आयोजित समर कार्निवल में बुधवार की सुबह संदिग्ध परिस्थिति में आग लग गई। रेडिमेड गार्मेंट की दुकान से शुरू हुई आग की लपटें देखते ही देखते आसमान छूने लगीं। इससे आसपास की तीन अन्य दुकानें भी चपेट में आ गईं। इससे दुकानदारों में हड़कंप मच गया। आनन-फानन में फायर ब्रिगेड को …
मुरादाबाद। रामलीला मैदान में आयोजित समर कार्निवल में बुधवार की सुबह संदिग्ध परिस्थिति में आग लग गई। रेडिमेड गार्मेंट की दुकान से शुरू हुई आग की लपटें देखते ही देखते आसमान छूने लगीं। इससे आसपास की तीन अन्य दुकानें भी चपेट में आ गईं। इससे दुकानदारों में हड़कंप मच गया। आनन-फानन में फायर ब्रिगेड को सूचना देकर दुकानदार खुद आग बुझाने में जुट गए। करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद आग पर तो काबू पाया गया, लेकिन इन चारों दुकानों में रखा 10-12 लाख रुपये का माल जलकर खाक हो गया।
दुकानदार महेश ने बताया कि वह रात में अपनी दुकान में ही सोए थे। सुबह पांच बजे दैनिक क्रिया से निवृत होकर घर चले गए। वहां से दुकान पर आने की सोच ही रहे थे कि दुकान में आग की सूचना मिल गई। उन्होंने तुरंत फायर ब्रिगेड को फोन किया और भाग कर रामलीला मैदान पहुंचे, लेकिन उतने समय तक आग की लपटें आसमान छूने लगी थी। साथी दुकानदार अपने स्तर पर आग बुझाने का प्रयास कर रहे थे। अन्य दुकानदार मुकेश ने बताया कि दो घंटे की मशक्कत के बाद आग तो काबू हो गया, लेकिन उनकी सारी जमा पूंजी इस आग में जलकर खाक हो गई।
100 मीटर दूर तक थी आग की तपिश
दुकानों में आग की लपटें इस कदर भयावह थीं कि आग की तपिश का एहसास 100 मीटर दूरी तक हो रहा था। एक तो गर्मी ज्यादा थी, ऊपर से इस तपिश के चलते बचाव कार्य कर रहे दुकानदारों और दमकल कर्मियों को काफी मुश्किल का सामना करना पड़ा। बड़ी मुश्किल से लोगों ने पानी और बालू मिट्टी की मदद से आग को काबू किया।
देर से पहुंची दमकल, लोगों में आक्रोश
दुकानदारों ने बताया कि आग लगते ही इसकी सूचना पुलिस और फायर ब्रिगेड को दे दी गई। थोड़ी देर में मझोला थाने से पुलिस टीम तो मौके पर पहुंच गई, लेकिन दमकल के पहुंचने में करीब 45 मिनट का वक्त लग गया। इस देरी से आग तेजी से फैलती चली गई। दुकानदारों के मुताबिक फायर ब्रिगेड के पहुंचने तक आग काफी हद तक काबू हो गई थी, लेकिन दमकल टीम ने ब्राउजर की मदद से जल्दी आग को बुझा दिया।
