हरदोई: 15 किलो चांदी की लूट का मामला, मुठभेड़ में बदमाश को लगी गोली, पुलिस ने 2 को दबोचा
हरदोई। सर्राफा कारोबारी से 15 किलो चांदी के जेवरों को लूट के मामले में फरार हुए गैंग के दो बदमाशों को पुलिस से हुई मुठभेड़ में गिरफ्तार कर लिया गया है। इससे पहले बदमाशों ने पुलिस जवानों के ऊपर गोली चलाई। बचाव के लिए पुलिस की तरफ से चलाई गई गोली से एक बदमाश ज़ख़्मी …
हरदोई। सर्राफा कारोबारी से 15 किलो चांदी के जेवरों को लूट के मामले में फरार हुए गैंग के दो बदमाशों को पुलिस से हुई मुठभेड़ में गिरफ्तार कर लिया गया है। इससे पहले बदमाशों ने पुलिस जवानों के ऊपर गोली चलाई। बचाव के लिए पुलिस की तरफ से चलाई गई गोली से एक बदमाश ज़ख़्मी हो गया। पुलिस गिरफ्त में आए बदमाशों के पास से लूटी गई डेढ़ किलो चांदी बरामद हुई हैं। ज़ख्मी हुए बदमाश को मेडिकल कालेज में भर्ती कराया गया है। इधर पुलिस ने गैंग में शामिल बदमाशों की धरपकड़ करने के लिए जाल बिछाया है।
बताते है कि मल्लावां कोतवाली के मचुआपुर निवासी उमेश कुमार सर्राफा कारोबारी हैं। उमेश से मंगलवार को 15 किलो चांदी के ज़ेवरात लूट लिए गए थे। इसके बाद से पुलिस छानबीन करने में जुट गई। बुधवार की देर रात पुलिस को खबर मिली कि कुछ बदमाश कन्नौज के रास्ते से आ रहे हैं। इसके बाद इलाकाई पुलिस के अलावा स्वाट टीम ने नाकेबंदी करते हुए चेकिंग अभियान शुरू कर दिया। इसी बीच राघवपुर से मेंहदी घाट के रास्ते पर माहिमपुर गांव के पास दो युवक अपाचे गाड़ी पर सवार हो कर आते हुए दिखाई दिए।
सर्राफा कारोबारी के साथ लूट की थी
उन्हें रुकने का इशारा किया गया, लेकिन रुकने के बजाय दोनों ने पुलिस के जवानों पर गोली चलाते हुए वहां से भागने की कोशिश की। इस पर पुलिस ने अपने बचाव में गोली चलाई,गोली लगने से एक बदमाश गिर कर ज़ख्मी हो गया। इसके बाद दूसरे बदमाश को भी दबोच लिया गया। पुलिस गिरफ्त में आए बदमाशों ने कुबूल किया है कि उन्होंने ही सर्राफा कारोबारी के साथ लूट की थी। जिस बदमाश के गोली लगी है,उसका नाम अजीत उर्फ मोनू निवासी गौसगंज थाना कासिमपुर और दूसरे बदमाश का नाम विकास कुमार निवासी बरहौंआ कोतवाली मल्लावां है।
एसपी राजेश द्विवेदी ने बताया है कि दोनों बदमाश लूटे गए माल का अपना हिस्सा ले कर वापस लौट रहे थे। इसी बीच मुखबिर की मुखबिरी पर पुलिस टीम ने फौरी कार्रवाई अमल में लाते हुए दो बदमाशों को गिरफ्तार कर उनके कब्ज़े से डेढ़ किलो लूटी गई चांदी,दो तमंचे,दो कारतूस और दो खोखे के अलावा अपाचे बाइक बरामद की हैं। गोली लगने से ज़ख़्मी हुए बदमाश को इलाज के लिए हरदोई मेडिकल कालेज में भर्ती कराया गया है। पुलिस गैंग के फरार हुए बदमाशों की धरपकड़ के लिए जुट गई है।
पढ़ें-अयोध्या: विघुत कर्मचारी मोर्चा संगठन ने काली पट्टी बांधकर जताया विरोध, सौंपा ज्ञापन
