मुरादाबाद : दोस्तों ने युवक काे पीट-पीटकर मार डाला, जांच में जुटी पुलिस

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

मुरादाबाद,अमृत विचार। नवाबपुरा में रहने वाले युवक की उसके ही दोस्तों ने पीट-पीटकर हत्या कर दी। नवाबपुरा के कालीमंदिर में आयोजित मेले में यह वारदात बुधवार की रात करीब साढ़े आठ बजे की है। सूचना मिलने पर मुगलपुरा थाना पुलिस ने मृतक का शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। इस वारदात …

मुरादाबाद,अमृत विचार। नवाबपुरा में रहने वाले युवक की उसके ही दोस्तों ने पीट-पीटकर हत्या कर दी। नवाबपुरा के कालीमंदिर में आयोजित मेले में यह वारदात बुधवार की रात करीब साढ़े आठ बजे की है। सूचना मिलने पर मुगलपुरा थाना पुलिस ने मृतक का शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। इस वारदात के दो-दो चश्मदीद गवाह होने के बावजूद फिलहाल पुलिस इसे हत्या मानने से मना कर रही है।

नवाबपुरा के लालबाग गली नंबर दो में रहने वाली मोना ने पुलिस में शिकायत दी है। बताया कि उसके पति सुभाष (30) को बुधवार की रात करीब आठ बजे उनके दोस्तों का फोन आया था। इसके बाद सुभाष उसे बताकर चले गए कि दोस्तों ने मेला देखने के लिए बुलाया है। थोड़ी ही देर बाद उनकी बेटी ने सूचना दी कि सुभाष को लोग पीट रहे हैं। इस सूचना पर वह खुद मौके पर पहुंची। उस समय सुभाष कूदने वाले झूले पर अचेत पड़ा था। आनन फानन में उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां होश आने पर बताया कि उसके साथ अमरपाल, सोनू, बैरा, मनीष और दो अन्य लोगों ने मारपीट की है। इसके बाद वह फिर बेहोश हो गया और गुरुवार की सुबह करीब तीन बजे उसकी मौत हो गई।

आरोपियों में से एक ने कबूली वारदात
पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे सुभाष के चचेरे भाई राजू ने बताया कि आरोपियों में से एक अमरपाल ने वारदात को कबूल किया है। उसने पुलिस को भी बताया है कि पूरी वारदात उसके सामने हुई है। सुभाष को बैरा ने मारा है। हालांकि पुलिस ने मामले को संदिग्ध बताया है। कहा कि जांच के बाद आगे की कार्रवाई होगी।

टूटी हैं शरीर की कई हड्डियां
परिजनों ने बताया कि इस मारपीट में सुभाष की गर्दन, रीढ के अलावा दोनों हाथ की हड्डियां टूट गई हैं। बताया जा रहा है कि सुभाष के शरीर पर कूदने की वजह से यह हड्डियां टूटी हैं। हालांकि पुलिस मौत का कारण जानने के लिए फिलहाल पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने का इंतजार कर रही है।

घटनाक्रम
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक सुभाष को लेकर सभी आरोपी मेले में पहुंचे और वहां कूदने वाले झूले पर चढ़ गए। देखते ही देखते सुभाष झूले पर गिर गया और आरोपियों ने उसके पीठ पर कूदना शुरू कर दिया। आरोपी तबतक उसके पीठ पर कूदते रहे, जबतक कि वह अचेत नहीं हो गया। उधर, आसपास मौजूद लोगों को लगा कि ये सभी लोग खेल रहे हैं। लेकिन जैसे ही सुभाष की पत्नी वहां पहुंची, लोग पूरा घटनाक्रम बयां करने लगे।

ये भी पढ़ें : क्राइम सिटी बनने चली पीतल नगरी, गंभीर अपराध में टॉप पर मुरादाबाद

संबंधित समाचार