पीलीभीत: गन्ना लदी ट्रैक्टर ट्रॉली की टक्कर से किसान की मौत, पौत्र गंभीर

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

पीलीभीत/गजरौला, अमृत विचार। बिजली का बिल जमा कर लौट रहे बाइक सवार ग्रामीण की गन्ना लदी ट्रैक्टर ट्रॉली की टक्कर से जान चली गई, जबकि उसका पौत्र घायल हो गया। हादसे की सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने जानकारी जुटाई। घायल को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। शव को पोस्टमार्टम के …

पीलीभीत/गजरौला, अमृत विचार। बिजली का बिल जमा कर लौट रहे बाइक सवार ग्रामीण की गन्ना लदी ट्रैक्टर ट्रॉली की टक्कर से जान चली गई, जबकि उसका पौत्र घायल हो गया। हादसे की सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने जानकारी जुटाई। घायल को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मृतक के परिवार में हादसे के बाद चीख पुकार मची रही। सभी का रो-रोकर बुरा हाल रहा।

थाना गजरौला क्षेत्र के गांव पिपरिया भजा के निवासी मोतीराम (65) खेती करते थे। शुक्रवार सुबह बाइक से बिजली का बिल जमा करने के लिए कस्बा आए थे। उनका पौत्र पूरनलाल भी साथ था। बिल जमा करने के बाद वापस जाते वक्त असम हाईवे पर माला मोड़ के पास पहुंचते ही उनकी बाइक को ट्रैक्टर ट्रॉली ने टक्कर मार दी। हादसे में वह गंभीर रुप से घायल हो गए।

कुछ ही देर में मौके पर राहगीरों की भीड़ जमा हो गई। हादसे की सूचना पुलिस को दी गई। इंस्पेक्टर तेजपाल सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए। आनन-फानन में 108 एंबुलेंस को बुलाकर घायल को जिला अस्पताल भिजवाया गया। वहां उसकी मौत हो गई। गन्ना लदी ट्रैक्टर ट्रॉली को पुलिस ने कब्जे में ले लिया और थाना गजरौला भिजवाया।

जानकारी करने पर पता लगा कि ट्रैक्टर ट्रॉली बरखेड़ा क्षेत्र के फूटाकुआं गांव के निवासी एक किसान की है। उधर हादसे की सूचना मिलने पर परिवार वाले भी जिला अस्पताल पहुंच गए। पुलिस ने परिजनों से जानकारी करने के बाद पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घायल पौत्र को इलाज के लिए जिला अस्पताल भर्ती कराया गया है। इंस्पेक्टर ने बताया कि तहरीर मिलने पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

 

ये भी पढ़ें-

बरेली: पूछताछ के लिए रोका तो पांच बदमाशों ने कर दी फायरिंग, एक सिपाही घायल

संबंधित समाचार