बुलंदशहर: दिनदहाड़े युवक की गोली मारकर हत्या, आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस
बुलंदशहर। जिले में एक युवक की तड़ातड़ गोली मार कर हत्या कर दी गई है और यह घटना दिनदहाड़े की गई है। युवक के परिवार ने दोस्त पर हत्या का आरोप लगाया है। घटना को अंजाम देकर आरोपी मौके से फरार हो गया है। ऐसा कहा जा रहा है कि ये वारदात पैसे के लेनदेन …
बुलंदशहर। जिले में एक युवक की तड़ातड़ गोली मार कर हत्या कर दी गई है और यह घटना दिनदहाड़े की गई है। युवक के परिवार ने दोस्त पर हत्या का आरोप लगाया है। घटना को अंजाम देकर आरोपी मौके से फरार हो गया है। ऐसा कहा जा रहा है कि ये वारदात पैसे के लेनदेन में की गई है। युवक को 3 गोली पेट में मारी गई है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। ये घटना खुर्जा नगर कोतवाली इलाके के शहजादपुर कनेनी गांव की है।
9:30 बजे सूरज का फोन आता है
मृतक युवक के पिता ने बताया कि, ललित सुबह सोकर उठा था, तभी उसको करीब 9:30 बजे सूरज का फोन आता है। सूरज ने ललित से 3 लाख रुपए एक साल पहले उधार लिए थे। वही पैसे लौटाने की बात कहकर सूरज ललिल को उसके खेत पर बुलाता है। ललित साइकिल से खेत पर जाता है। वहीं पर सूरज ट्यूबवेल के पास ललित को अपने अवैध तमंचे से गोली मार देता है। गोली मारने के बाद सूरज मौके से फरार हो जाता है।
पिता ने आगे बताया कि गांव के लोग जब खेत पर ललित की लाश देखते हैं, तो हम लोगों को मामले की जानकारी देते हैं। जिसके बाद हम लोग मौके पर आकर देखते हैं, तो ललित जमीन पर गिरा हुआ दिखता है। तब उसकी मौत हो चुकी होती है। ललित और सूरज का 15 दिन पहले ही पैसों को लेकर विवाद हुआ था। हम लोगों को घर में पैसों की जरूरत थी, जब ललित ने सूरज से पैसे मांगे तो वो लड़ने लगा और मारपीट पर उतर आया। उसके बाद आज उसने मेरे बेटे को ही मार दिया।
ललित की शादी 10 साल पहले हुई थी
मृतक युवक के पिता ने कहा कि ललित की शादी 10 साल पहले हुई थी। उसके दो लड़के भी हैं। वो खेती किसानी करके हम लोगों का भरण-पोषण कर रहा था। बहन की शादी भी उसने की थी। अब हम लोग क्या करेंगे। सूरज ने तो हमारा सहारा ही छीन लिया। घटना की जानकारी के बाद पुलिस भी मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। आरोपी की तलाश में पुलिस जुटी हुई है।
पढ़ें-रायबरेली: चोरों के अंतर्जनपदीय गिरोह के चार सदस्य गिरफ्तार, हजारों का माल बरामद
