लखीमपुर- खीरी: पिता, भाई और पत्नी ने कराई थी राजेश की हत्या
धौरहरा-खीरी, अमृत विचार। गांव छंगापुरवा निवासी राजेश कुमार की हत्या के मामले का पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा किया है। पुलिस का दावा है कि पिता, भाई और पत्नी ने ही डेढ़ लाख रुपये की सुपारी देकर राजेश गौतम की हत्या करवाई थी। पुलिस ने शुक्रवार की रात बदमाशों से हुई मुठभेड़ के दौरान पैर में …
धौरहरा-खीरी, अमृत विचार। गांव छंगापुरवा निवासी राजेश कुमार की हत्या के मामले का पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा किया है। पुलिस का दावा है कि पिता, भाई और पत्नी ने ही डेढ़ लाख रुपये की सुपारी देकर राजेश गौतम की हत्या करवाई थी। पुलिस ने शुक्रवार की रात बदमाशों से हुई मुठभेड़ के दौरान पैर में गोली लगने से घायल हुए सुपारी किलर कमाल अहमद को गिरफ्तार कर लिया, जबकि उसके चार अन्य साथी फरार हो गए। घायल बदमाश का जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है।
छह अप्रैल की रात करीब आठ बजे छंगापुरवा मजरा सेमरी निवासी राजेश (25) की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। वह अपने पिता मालती प्रसाद के साथ कंचनपुर के प्रधान से मिलकर बाइक से घर लौट रहा था। पुलिस ने मृतक के पिता की तहरीर पर गांव के ही खग्गा व नरेश पुत्र राम किशुन व अनुज पुत्र मिश्री के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी थी।
परिवार वालों की बताई गई कहानी में पुलिस को कई झोल नजर आए। इस पर पुलिस का शक मृतक के परिजनों के आसपास मंडराने लगा। जांच के दौरान पुलिस को पता लगा कि राजेश की हत्या इसी कोतवाली क्षेत्र के गांव महादेव मजरा सोहरिया निवासी कमाल अहमद ने अपने साथियों की मदद से की है। इस पर पुलिस उसकी तलाश में जुट गई।
एसपी संजीव सुमन ने बताया कि राजेश हत्याकांड के सिलसिले में प्रभारी निरीक्षक धौरहरा धर्म प्रकाश शुक्ल क्राइम ब्रांच की स्वाट टीम के साथ शारदा नगर बैराज पिकेट पर थे। मुखबिर की सूचना पर जटपुरवा मोड़ पर घेराबंदी की। रात करीब 1.30 बजे अपने साथियों के साथ आए कमाल अहमद को पुलिस ने पकड़ने की कोशिश की तो उसने गोली चला दी।
जवाबी फायरिंग में एक गोली कमाल के दाहिने पैर में लगी। इससे वह गिर गया। उसके अन्य चार साथी भाग गए। पुलिस ने मौके से एक तमंचा, एक कारतूस खोखा और दो कारतूस बरामद किये। पुलिस ने घायल बदमाश को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। एसपी ने बताया कि पकड़े गए आरोपी कमाल अहमद ने पुलिस को बताया कि राजेश गौतम का दिमागी संतुलन ठीक नहीं था।
वह परिवार की एक लड़की से कई बार अश्लील हरकतें कर चुका था। इसके अलावा उसकी पत्नी के संबंध देवर अखिलेश से थे। राजेश की हत्या की साजिश मृतक के पिता मालती प्रसाद गौतम, छोटे भाई अखिलेश व राजेश गौतम की पत्नी पूनम ने रची थी। उसने बताया कि मालती प्रसाद और बेहननपुरवा निवासी इमर अली साथ-साथ सब्जी बाजारों में बेचते हैं।
मालती ने इमर अली से राजेश की हत्या कराने के लिए बात की थी। इमर अली ने मालती की मुलाकात नूरुद्दीन से करवाई थी। हत्या करने का सौदा डेढ़ लाख रुपये में तय हुआ था। नुरुद्दीन ने कमाल, वसीम और अपने लड़के निहाल को शामिल किया और 48 हजार रुपये दिए। एक हजार रुपये अपने पास रख लिए थे। शेष रुपये बाद में देने की बात कही।
कमाल अहमद ने बताया कि घटना के दिन प्लान के मुताबिक मालती प्रसाद अपने बेटे राजेश को बहाने से शराब पिलाने के लिए कंचनपुर ले गया था। इस दौरान उसका मालती से मोबाइल पर बराबर संपर्क होता रहा। राजेश बाइक चला रहा था, जबकि पिता मालती पीछे बैठा था। कंचनपुर पुलिया के पास बहाने से पिता ने बाइक रुकवाई। इसी बीच उसने अपने साथी नुरुद्दीन, वसीम के साथ मिलकर राजेश की पीठ पर गोली मार दी।
यह आरोपी मौके से हुए फरार
एसपी संजीव सुमन ने बताया कि मुठभेड़ के दौरान अंधेरे का लाभ उठाकर हत्या में शामिल वसीम पुत्र हलीमुद्दीन, निहाल पुत्र नुरुद्दीन, इमर अली पुत्र दीन अली और नूरुद्दीन पुत्र शब्बीर निवासी बेहननपुरवा फरार हुए हैं, जिनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगीं हैं। सभी फरार आरोपियों को शीघ्र गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
बदमाशों ने तीन तो पुलिस ने दागीं से छह गोलियां
प्रभारी निरीक्षक धर्म प्रकाश शुक्ल के मुताबिक जब पुलिस ने बदमाशों पर टार्च की रोशनी डाली तो बदमाशों ने पुलिस टीम पर तीन-चार फायर किए। आत्मरक्षा में उन्होंने अपने सरकारी पिस्टल से दो, उपनिरीक्षक शिव कुमार ने तीन और सिपाही देवेंद्र यादव ने अपनी पिस्टल से एक गोली चलाई थी। इन फायरों में से एक गोली उन बदमाशों में से एक बदमाश के दाहिने पैर मे घुटने के नीचे लगी, जिससे वह घायल होकर गिर गया। शेष बदमाश अन्धेरा व गन्ना की फसल का फायदा उठाकर भागने में सफल रहे।
पिता, भाई व पत्नी हिरासत में
प्रभारी निरीक्षक धर्म प्रकाश शुक्ला ने बताया कि पुलिस ने मृतक के पिता मालती प्रसाद, छोटे भाई अखिलेश और मृतक की पत्नी को हिरासत में लिया है। पुलिस तीनों से अलग-अलग पूछताछ कर रही है। उन्होंने रविवार को तीनों आरोपियों का चालान करने की बात कही है।
ये भी पढ़ें-
बरेली: 11 अप्रैल को है आपकी यात्रा ? तो देख लीजिए… कौन-सी ट्रेन रहेगी निरस्त और किसका बदला गया समय
