मुरादाबाद : रेलवे स्टेशन से हटाया गया 127 साल पुराना ‘फुट ओवर ब्रिज’
मुरादाबाद,अमृत विचार। रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर एक पर बने 127 साल पुराने ‘फुट ओवर ब्रिज’ को रविवार की सुबह तोड़ दिया गया। पुल को तोड़ने के लिए रेलवे ने इस लाइन पर सात घंटे का मेगा ब्लॉक लिया था। मेगा ब्लॉक के चलते मुरादाबाद से गुजरने जाने वाले राजधानी एक्सप्रेस व गरीब रथ गाजियाबाद …
मुरादाबाद,अमृत विचार। रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर एक पर बने 127 साल पुराने ‘फुट ओवर ब्रिज’ को रविवार की सुबह तोड़ दिया गया। पुल को तोड़ने के लिए रेलवे ने इस लाइन पर सात घंटे का मेगा ब्लॉक लिया था। मेगा ब्लॉक के चलते मुरादाबाद से गुजरने जाने वाले राजधानी एक्सप्रेस व गरीब रथ गाजियाबाद से कानपुर होकर चली। लगभग 15 महीने पहले स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर एक पर बने पैदल पुल को निर्माण के लिए बंद किया गया था। इसके बाद रेलवे ने इसका निर्माण शुरू करवाया।
पिछले 10 दिनों से पुल निर्माण के कार्य में काफी तेजी आई है। रविवार को वर्षों पुराने पुल को क्रेन की मदद गिरा दिया गया। इस दौरान रेलवे की टीम ने सबसे पहले टावर वैगन की मदद से रेलवे लाइन के ऊपर से गुजर रही ओएचई तार को हटाया। इसके बाद क्रेन की मदद से 127 साल पुराने पुल को गिराया। इस काम के लिए रेलवे ने सुबह नौ बजे से शाम चार बजे तक के लिए मेगा ब्लॉक लिया। रेलवे की टीम ने सात घंटे की मेहनत करके पुल को गिरा दिया। रेलवे द्वारा लिए गए सात घंटे के मेगा ब्लॉक के कारण दिल्ली से मुरादाबाद होकर जाने वाले राजधानी एक्सप्रेस व गरीब रथ ट्रेन वाया कानपुर गई। इसके अलावा अमरनाथ एक्सप्रेस व गुवाहाटी एक्सप्रेस ट्रेन शाहजहांपुर व पीलीभीत होकर चलाई गई। सियालदाह समेत अन्य ट्रेनें छह घंटे की देरी से चली और काशी विश्वनाथ आधा घंटे की देरी से चली।
डीआरएम अजय नंदन ने बताया कि इस पुल का गार्डर लगभग 127 साल पुराना हो चुका था, इसलिए प्लेटफॉर्म नंबर एक से दो के बीच इस पुल को गिराकर नया निर्माण कराया जाना जरूरी था। इसके लिए हमने रविवार को चार रेलवे लाइनों पर सात घंटे का मेगा ब्लॉक लिया था। इस बीच पुल को गिरा दिया गया है। अब पुल के निर्माण में लगभग दो महीने और लगेंगे। इसके बाद पुल का निर्माण पूरा कर जनता के हवाले कर दिया जाएगा।
ये भी पढ़ें : बेकाबू ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटी, दो दर्जन से अधिक श्रद्धालु घायल, काशीपुर से चैती का मेला देखकर लौट रहे थे घर
