संभल: तीसरे दिन मिला गंगा में डूबी सरिता का शव
संभल, अमृत विचार। रजपुरा क्षेत्र में श्रीहरि बाबा बांध आश्रम गंगातट पर शुक्रवार को मुंडन संस्कार के समय गंगा में डूबी तीसरी किशोरी का शव एसडीआरएफ और पीएसी के जवानों ने तीसरे दिन घटना स्थल से तीन किलो मीटर दूर बुलंदशहर जनपद की सीमा से बरामद कर लिया है। किशोरी का शव मिलने के बाद …
संभल, अमृत विचार। रजपुरा क्षेत्र में श्रीहरि बाबा बांध आश्रम गंगातट पर शुक्रवार को मुंडन संस्कार के समय गंगा में डूबी तीसरी किशोरी का शव एसडीआरएफ और पीएसी के जवानों ने तीसरे दिन घटना स्थल से तीन किलो मीटर दूर बुलंदशहर जनपद की सीमा से बरामद कर लिया है। किशोरी का शव मिलने के बाद परिवार में कोहराम मच गया। बिना पुलिस कार्रवाई के परिजन किशोरी का शव लेकर घर चले गए। देरशाम उसका अंतिम संस्कार कर दिया गया।
थाना कुढ़ फतेहगढ़ क्षेत्र के गांव बिचैटा निवासी जितेंद्र कुमार अपने परिवार के साथ शुक्रवार को अपने बेटे बिट्टू और भतीजी निर्मला का मुंडन संस्कार कराने के लिए श्रीहरिबाबा बांध आश्रम गंगातट आए थे। दोपहर करीब 12 बजे सभी लोग गंगा में स्नान करने लगे। इसी दौरान तीन किशोरियों समेत नौ लोग गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। मौके पर मौजूद लोगों ने किसी तरह छह लोगों को बचा लिया, लेकिन गीता (15 वर्ष), सरिता (14 वर्ष) और प्रियंका (16 वर्ष) पानी के तेज बहाव में बह गईं थी।
किशोरियों के डूबने की सूचना के बाद प्रशासन में हड़कंप मच गया। पहले तो किशोरियों को तलाशने के लिए आसपास के गोताखोरों की मदद ली गई, लेकिन सफलता नहीं मिली तो पीएसी और राज्य आपदा मोचन दल के जवानों को किशोरियों की तलाश में लगाया गया था। घटना वाले दिन तो एसडीआरएफ और पीएसी के जवानों को कोई सफलता नहीं मिली। रात होने पर तलाश रोकनी पड़ी, लेकिन शनिवार को गीता और प्रियंका का शव एसडीआरएफ के जवानों ने कड़ी मशक्कत के बाद बरामद कर लिए थे।
रविवार की सुबह तीसरे दिन एसडीआरएफ और पीएसी के जवान गंगा में डूबी तीसरी किशोरी सरिता को तलाशने के लिए गंगा में उतरे। कड़ी मशक्कत और प्रयास के बाद दोपहर 12:40 बजे घटना स्थल से तीन किलो मीटर दूर बुलंदशहर जनपद की सीमा से सरिता का शव एसडीआरएफ और पीएसी के जवानों ने बरामद कर लिया। परिजन बिना पुलिस कार्रवाई किए ही किशोरी का शव लेकर गांव चले गए। जहां देर शाम उसका अंतिम संस्कार कर दिया गया। वहीं एसपी चक्रेश मिश्रा ने कहा कि घटना के संबंध में विधिक कार्रवाई की जा रही है।
