बरेली: ईंट से सिर पर वार करके शख्स की हत्या, झाड़ियों में पड़ा मिला शव
बरेली/बहेड़ी, अमृत विचार। बरेली के बहेड़ी थाना क्षेत्र में एक शख्स की ईंट से सिर पर वार करके हत्या कर दी गई। मृतक का शव सोमवार को एक खाली प्लॉट की झाड़ियों में पड़ा मिला जिसके बाद इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज …
बरेली/बहेड़ी, अमृत विचार। बरेली के बहेड़ी थाना क्षेत्र में एक शख्स की ईंट से सिर पर वार करके हत्या कर दी गई। मृतक का शव सोमवार को एक खाली प्लॉट की झाड़ियों में पड़ा मिला जिसके बाद इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही मामले की जांच पड़ताल में जुट गई है।
जानकारी के मुताबिक, 42 वर्षीय आरिफ बहेड़ी थाना क्षेत्र के शेरनगर मोहल्ले में अपनी पत्नी हिना और दो बच्चियों के साथ एक किराए के मकान में रहता था। वहीं कस्बे के ही मोहल्ला सकलैन नगर में उसकी ससुराल भी है। बीती रात करीब नौ बजे आरिफ अपनी सुसराल गया था, लेकिन जब वह देर रात तक घर नहीं लौटा तो उसकी पत्नी हिना ने अपने पिता नासिर को फोन किया, जिस पर उन्होंने बताया कि आरिफ वहां से काफी समय पहले निकल चुका है। जिसके बाद आरिफ की तलाश शुरू हुई लेकिन उसका कहीं कुछ पता नहीं चल सका।
वहीं सोमवार को करीब 12 बजे मोहल्ला सकलैन नगर के एक प्लॉट में झाड़ियों के बीच आरिफ का शव मिला। वहां से गुजर रहे एक सब्जी विक्रेता ने झाड़ियों में शव को देखकर इसकी जानकारी वहां के लोगों को दी। घनी बस्ती के बीचों बीच शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया और लोगों की भीड़ जुट गई। मौके पर पहुंचे लोगों ने शव की शिनाख्त आरिफ के रूप में की।
वहीं सूचना पर पहुंची पुलिस ने जब देखा तो मृतक आरिफ के सिर पर चोट के कई निशान थे, जिससे यह अंदाजा लगाया जा रहा है कि ईंट या पत्थर से वार करके आरिफ की हत्या की गई है। शव मिलने की सूचना पर मृतक के परिवार में कोहराम मच गया और सभी घटनास्थल पर पहुंच गए। मृतक आरिफ के ससुर नासिर का कहना है कि उसकी किसी से कोई दुश्मनी नहीं थी, लेकिन वह शराब जरूर पीता था। इस बात का भी अंदाजा लगाया रहा है कि हो सकता है कि शराब के नशे में आरिफ का किसी से झगड़ा हो गया हो और जिसकी वजह से उसकी हत्या कर दी गई।
फिलहाल पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही हर पहलू पर जांच कर रही है। वहीं एसएसपी रोहित सिंह सजवाण ने बताया कि बहेड़ी के रहने वाले आरिफ का खाली प्लॉट में शव मिला है, जिसके सिर पर चोट के निशान हैं। जिससे लगता है कि किसी सिर पर पत्थर या किसी चीज से वार करके हत्या की है। जांच पड़ताल की जा रही है और जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।
इसे भी पढ़ें-
बरेली: विधायक शहजिल इस्लाम के पेट्रोल पंप की एनओसी निरस्त
