लखनऊ: पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुला अधिकारी की हत्या का राज, इंस्पेक्टर ससुर और पति के साथ पांच पर केस दर्ज
लखनऊ। जानकीपुरम स्थित सीडीआरआइ के आवासीय परिसर में सोमवार रात तकनीकी अधिकारी वर्षा सिंह को गला घोंटकर मारा गया था। मंगलवार रात इस बात का खुलास पोस्टमार्टम रिपोर्ट के जरिए हुआ। वर्षा के पिता विजय प्रताप सिंह ने दामाद विश्वेंद्र सिंह, पुलिस विभाग में तैनात उसके पिता इंस्पेक्टर राजेश कुमार सिंह और सास समेत पांच …
लखनऊ। जानकीपुरम स्थित सीडीआरआइ के आवासीय परिसर में सोमवार रात तकनीकी अधिकारी वर्षा सिंह को गला घोंटकर मारा गया था। मंगलवार रात इस बात का खुलास पोस्टमार्टम रिपोर्ट के जरिए हुआ। वर्षा के पिता विजय प्रताप सिंह ने दामाद विश्वेंद्र सिंह, पुलिस विभाग में तैनात उसके पिता इंस्पेक्टर राजेश कुमार सिंह और सास समेत पांच के खिलाफ दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज कराया है।
वर्षा के पिता का आरोप है कि सात लाख रुपये की मांग पूरी न होने पर विश्वेंद्र ने बेटी को मार डाला। देर रात पुलिस ने हत्यारोपित विश्वेंद्र को गिरफ्तार कर लिया।
उन्होंने बताया कि वह कार के लिए आए दिन वर्षा को मारपीट कर प्रताड़ित करता था। एक साल पहले उसने बेटी का सिर फोड़ दिया था। मांग पूरी न होने पर विश्वेंद्र ने बेटी की हत्या कर दी।
विजय प्रताप ने बताया कि कई माह से विश्वेंद्र कार खरीदने की जिद कर रहा था। कुछ माह पहले विश्वेंद्र की जिद पर वर्षा ने उसे एक कार खरीदकर दी थी। बेटी की हत्या के बाद वह कार लेकर फरार हो गया।
एसीपी अलीगंज अली अब्बास ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में वर्षा की गला घोंटकर हत्या किए जाने की पुष्टि हुई है। विजय प्रताप सिंह की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर आरोपित पति विश्वेंद्र को देर रात गिरफ्तार कर लिया गया है। वहीं, अन्य की तलाश जारी है। वर्षा के दो साल के बच्चे को उसके नाना के सिपुर्द कर दिया गया है।
वर्षा के पिता ने बताया कि विश्वेंद्र के पिता इंस्पेक्टर हैं। उसके चार चाचा दारोगा और एक दीवान हैं। वह जांच प्रभावित कर सकते हैं। जानकीपुरम पुलिस उनके दबाव में है। घटना के बाद विश्वेंद्र के दो चाचा, जो दारोगा हैं, वह मंगलवार को जानकीपुरम थाने में पूरे दिन बैठे रहे। इसलिए पुलिस ने पंचनामा और पोस्टमार्टम की कार्रवाई में काफी देर कर दी।
पढ़ें- गौतम बुद्ध नगर: दर्दनाक सड़क हादसे में लग्जरी कार ने 7 को रौंदा, ड्राइवर फरार, जांच में जुटी पुलिस
