मुरादाबाद: दहेज के लिए तलाक देने में पति समेत छह पर मुकदमा

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

मुरादाबाद, अमृत विचार। कार और एक लाख रुपये की मांग पूरी नहीं होने पर दहेज लोभी ससुराल वालों ने विवाहिता का जमकर उत्पीड़न किया। पति ने तीन तलाक देकर उसे घर से निकाल दिया। पीड़िता की शिकायत पर कोतवाली पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। सदर कोतवाली क्षेत्र निवासी महिला ने …

मुरादाबाद, अमृत विचार। कार और एक लाख रुपये की मांग पूरी नहीं होने पर दहेज लोभी ससुराल वालों ने विवाहिता का जमकर उत्पीड़न किया। पति ने तीन तलाक देकर उसे घर से निकाल दिया। पीड़िता की शिकायत पर कोतवाली पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

सदर कोतवाली क्षेत्र निवासी महिला ने बताया कि उसका निकाह करीब 10 साल पूर्व इसी थाना क्षेत्र के मोहल्ला तम्बाकू स्ट्रीट निवासी युवक के साथ हुआ था। पीड़िता का कहना है कि शादी के चार साल तक ससुराल वालों ने उसे अच्छी तरह रखा। मगर इसके बाद व्यवहार बदल गया। छोटी-छोटी बात पर ही मारपीट करने लगे। पति, ससुर, सास, जेठ, जेठानी और ननद ने दहेज को लेकर ताना मारने शुरू कर दिए।

ससुराल वाले एक लाख की नगदी और कार मांगने लगे। मना करने पर उत्पीड़न करने लगे। इस दौरान कई बार मारपीट की और फिर घर से निकाल दिया। मामले को निपटाने के लिए मायके वालों ने बिरादरी की पंचायत की। इसमें समझौते के बाद वह फिर से ससुराल चली गई। आरोप है कि दो फरवरी को ससुरालियों ने मारपीट करके उसे एक बार फिर घर से निकाल दिया। इसके बाद 13 मार्च को फिर पंचायत हुई।

मगर फिर उत्पीड़न शुरू हो गया। कार और नगदी की मांग करने लगे। मना करने पर पति ने तीन तलाक देकर निकाल दिया। तब से पीड़िता अपनी आठ वर्षीय बेटी के साथ मायके में रह रही है। पीड़िता की शिकायत पर एसएसपी बबलू कुमार ने कोतवाली पुलिस को एफआईआर का आदेश दिया था। इंस्पेक्टर कोतवाली अजय कुमार ने बताया कि तहरीर के आधार पर आरोपी पति और उसके माता-पिता, भाई-भाभी तथा बहन के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।

दहेज उत्पीड़न में पति व सास के खिलाफ मुकदमा
मुरादाबाद। कटघर थाना क्षेत्र के मोहल्ला इस्लामनगर करुला मदीना मस्जिद गली नंबर 9बी निवासी निगार अख्तर ने बताया कि उसका निकाह 29 अप्रैल 2018 को बिजनौर जनपद के कस्बा व थाना नगीना के मोहल्ला कायस्थ सराय पटेरी फुनिया वाली मस्जिद के पास रहने वाले महताब अहमद के साथ हुआ था। मायके वालों ने शादी में पांच लाख रुपये खर्च किए थे। आरोप है कि पति और सास माहिरा खातून बार-बार कार और एक लाख रुपये की मांग करते थे। इसके बाद आरोपी उसे जान से मारने की धमकी देने लगे। तब वह मायके आ गई और पीड़िता ने कटघर थाने में तहरीर दी। इंस्पेक्टर कटघर रामप्रसाद शर्मा ने बताया कि तहरीर के आधार पर पति महताब अहमद और सास माहिरा खातून के खिलाफ दहेज उत्पीड़न समेत अन्य संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।

संबंधित समाचार