हनी ट्रैप: संभ्रांत लोग को जाल में फंसा रुपये ऐंठने वाली दो महिला समेत चार गिरफ्तार
मुरादाबाद, अमृत विचार। दिल्ली-एनसीआर समेत पूरे पश्चिम यूपी में सक्रिय जालसाजों के एक ऐसे गिरोह का भंडाफोड़ मुरादाबाद पुलिस ने किया है, जो हनी ट्रैपिंग के जरिए संभ्रांत लोगों को ब्लैकमेल करते थे। महज चार साल के भीतर 10 लोगों को 12 लाख रुपये का चूना लगाने वालों को शुक्रवार को कुंदरकी पुलिस ने दबोच …
मुरादाबाद, अमृत विचार। दिल्ली-एनसीआर समेत पूरे पश्चिम यूपी में सक्रिय जालसाजों के एक ऐसे गिरोह का भंडाफोड़ मुरादाबाद पुलिस ने किया है, जो हनी ट्रैपिंग के जरिए संभ्रांत लोगों को ब्लैकमेल करते थे। महज चार साल के भीतर 10 लोगों को 12 लाख रुपये का चूना लगाने वालों को शुक्रवार को कुंदरकी पुलिस ने दबोच लिया। हत्थे चढ़े चार आरोपियों में दो महिलाएं हैं। कोर्ट ने चारों आरोपियों को 14 दिन की न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया। सरगना समेत फरार दो आरोपियों की तलाश में कुंदरकी पुलिस की छापेमारी जारी है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बबलू कुमार ने बताया कि 70 वर्षीय मुरारी लाल सेवानिवृत्त प्रधानाध्यापक हैं। वह बिजनौर के स्योहारा थाना क्षेत्र स्थित ग्राम रामपुर दुल्ली के मूल निवासी हैं। करीब 10 वर्ष पहले मुरारी लाल उत्तराखंड के रामनगर स्थित उच्च प्राथमिक विद्यालय से सेवानिवृत्त हुए। 12 अप्रैल को उन्होंने कुंदरकी थाने में तहरीर दी। पुलिस को बताया कि पड़ोसी गांव बगवाडा निवासी नईम उर्फ नइमुद्दीन ने उधार में उनसे 50 हजार रुपये लिया था।
रुपये लौटाने के बहाने नईम ने आठ अप्रैल को उनको कुंदरकी कस्बा स्थित रेलवे लाइन फाटक के पास पास किराए के कमरे पर बुलाया। वहां पहले से उसके साथी राशिद निवासी ग्राम जनेटा थाना बनियाठेर संभल व रिफानाज उर्फ ललिया निवासी हाथी वाली मस्जिद नई बस्ती कस्बा व थाना बिसौली बदायूं के अलावा जाबिर उर्फ पहलवान निवासी ग्राम इब्राहिमपुर थाना बिलारी मुरादाबाद व रफ्फन निवासी ग्राम कोकाबास थाना बनियाठेर संभल थे। कमरे में घुसते ही आरोपियों ने दरवाजा बंद कर दिया। फिर धमकी देते हुए उनके कपड़े उतरवा दिया।
शिक्षक के नग्न होते ही आरोपियों ने वृद्ध की वीडियो बनाई। दुष्कर्म के मुकदमे में फंसाने व हत्या की धमकी दी। आरोपियों ने सेवानिवृत्त शिक्षक की जेब से उनका एटीएम कार्ड निकाला व कोड भी उगलवा लिया। एटीएम कार्ड की मदद से आरोपियों ने उनके खाते से 25 हजार रुपये निकाल लिए। फिर फर्जी मुकदमे धमकी देते हुए और दो लाख रुपये की मांग करने लगे। तब पीड़ित ने रुपये का इंतजाम करने की दुहाई देते दो दिन की मोहलत मांगी।
आरोपियों ने हिदायत देते हुए मुरारी लाल को छोड़ा। दूसरे ही दिन नौ अप्रैल को आरोपियों ने मुरारी लाल को फोन कर फिर दो लाख रुपये की मांग की। अंतत: मुरारी लाल ने ठगी व उत्पीड़न की पूरी घटना से अपने पुत्र व परिजनों ने अवगत कराया। परिजन 12 अप्रैल को मुरारी लाल को साथ लेकर कुंदरकी थाने पहुंचे। तहरीर के आधार पर पुलिस ने नईम व उसके साथियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया। एसपी ग्रामीण विद्या सागर मिश्र की निगरानी में कुंदरकी पुलिस अभियुक्तों की तलाश में जुटी।
