संभल: एडीजी ने लापरवाह अधिकारियों को दी कार्रवाई की चेतावनी
संभल, अमृत विचार। अपर पुलिस महानिदेशक बरेली जोन राजकुमार ने शुक्रवार को जनपद के कई स्थानों का भ्रमण किया। पुलिस लाइन में उन्होंने राजपत्रित अधिकारी व सभी थाना प्रभारियों के साथ बैठक कर जनपद में अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध की गई कार्रवाई की समीक्षा की। पुलिस व्यवस्था को और बेहतर बनाने के लिए अधिकारियों …
संभल, अमृत विचार। अपर पुलिस महानिदेशक बरेली जोन राजकुमार ने शुक्रवार को जनपद के कई स्थानों का भ्रमण किया। पुलिस लाइन में उन्होंने राजपत्रित अधिकारी व सभी थाना प्रभारियों के साथ बैठक कर जनपद में अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध की गई कार्रवाई की समीक्षा की। पुलिस व्यवस्था को और बेहतर बनाने के लिए अधिकारियों को उचित दिशा निर्देश दिए। साथ ही नवीन पुलिस लाइन की पुलिस चौकी का उद्घाटन किया। बबराला नगर में पैदल गश्त कर व्यापारियों से वार्ता कर सुरक्षा का भरोसा दिलाया। उनके भ्रमण के दौरान पुलिस उप महानिरीक्षक शलभ माथुर और एसपी चक्रेश मिश्रा भी मौजूद थे।
जिले की पुलिस व्यवस्था को और भी सुदृढ़ बनाने के लिए एडीजी बरेली जोन राजकुमार शुक्रवार को जनपद भ्रमण के लिए पहुंचे। सर्व प्रथम एडीजी का स्वागत गार्ड ऑफ ऑनर से किया गया। अधिकारियों ने उनका स्वागत पुष्प गुच्छ भेंट कर किया। इसके बाद वह नवीन पुलिस लाइन पहुंचे। यहां उन्होंने पुलिस लाइन चौकी का फीता काटकर उद्घाटन किया। चौकी के प्रांगण में पौधरोपण कर अधिकारियों को निर्देशित किया।
तत्पश्चात सर्विलांस/एसओजी कार्यालय के जीर्णोद्धार का लोकार्पण किया और पुलिस लाइन में शहीद आरक्षी हरेंद्र व ब्रजपाल स्मृति सभागार का उद्घाटन किया। इसके बाद उप महानिरीक्षक शलभ माथुर और एसपी चक्रेश मिश्रा के साथ सभागार का निरीक्षण किया। वहीं आरक्षी बैरक, अपराध शाखा कार्यालय, डायल-112 वीडियो कांफ्रेंस कक्ष के नवीनीकरण का लोकार्पण किया। पुलिस लाइन में राजपत्रित अधिकारी व सभी थाना प्रभारियों के साथ बैठक की।
जिसमें टॉप टेन अपराधियों, गैंगस्टर एक्ट की कार्यवाही, चिन्हित माफिया के विरुद्ध जब्तीकरण की कार्रवाई, लंबित विवेचनाओं, पॉक्सो एक्ट के अभियोगों की समीक्षा, अवैध शराब/शस्त्र के विरुद्ध अभियान, आईजीआरएस/सीएम हेल्पलाइन एवं आगामी त्योहारों के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अपराधों पर अंकुश लगाएं वरना लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों पर कार्रवाई की जाएगी। इस दौरान एएसपी आलोक कुमार जायसवाल, सीओ संभल जितेंद्र कुमार सिंह, सीओ बहजोई राकेश सिंह, सीओ चन्दौसी आलोक सिद्धू, सीओ गुन्नौर देवेन्द्र कुमार शर्मा आदि उपस्थित रहे।
सुल्तानगढ़ पुलिस चौकी का उद्घाटन
संभल। एडीजी बरेली जोन राजकुमार ने शुक्रवार को जिले के भ्रमण के दौरान थाना धनारी क्षेत्र अंतर्गत नवनिर्मित पुलिस चौकी सुल्तानगढ़ का उद्घाटन किया। वह डीआईजी शलभ माथुर और एसपी चक्रेश मिश्रा के साथ चौकी का उद्घाटन करने पहुंचे। उन्होंने फीता काटकर चौकी का शुभारंभ किया। उपस्थित लोगों से वार्ता करते हुए कहा कि पुलिस उनकी मदद के लिए 24 घंटे तैयार है। उन्होंने कहा कि अपराध रोकने में पुलिस की मदद करें। साथ ही उन्होंने पुलिसकर्मियों को भी उचित निर्देश देते हुए कहा चौकी में आने वाले पीड़ितों की शिकायत का तत्काल संज्ञान लेकर न्याय दिलाने का कार्य करें।
पैदल गश्त कर व्यापारियों से की वार्ता
संभल। जिले में शुक्रवार को भ्रमण के लिए पहुंचे एडीजी राजकुमार ने बबराला नगर में पुलिस फोर्स के साथ पैदल गश्त कर व्यापारियों को सुरक्षा का भरोसा दिलाया। बबराला नगर में पैदल गश्त करने पहुंचे व्यापारियों ने एडीजी का स्वागत हुआ। इसके बाद उन्होंने नगर के मुख्य बाजार में पैदल गश्त की।
व्यापारियों से वार्ता कर उन्होंने जनपद में आपराधिक वारदातों, व्यापारियों और जनता की परेशानियों के बारे में जानकारी ली। व्यापारियों द्वारा बताई गई समस्याओं का जल्द ही समाधान कराने का आश्वासन दिया। इसके साथ ही जिले में पुलिस व्यवस्था को और बेहतर बनाने के लिए व्यापारियों से सुझाव भी मांगे। उन्होंने एसपी चक्रेश मिश्र के साथ मुख्य चौराहा से रेलवे रोड तक पैदल गश्त की।
ये भी पढ़ें:- बदायूं: आईजी ने दिया व्यापारी से लूट के खुलासे का निर्देश
