लखनऊ: सभी दोस्तों को एक साथ मारने के लिए कई दिन से अलीगंज में हो रही थी रेकी
लखनऊ। टेढ़ी पुलिया पर गत रविवार कार को घेरकर अंधाधुंध फायरिंग और बम फेंकने के मामले में नया खुलासा हुआ है। अभिषेक समेत सभी 6 दोस्तों को एक साथ मारने के लिए अलीगंज में कई दिनों से रेकी की जा रही थी। दरअसल होली के दौरान दारूबाजी और गाड़ी लगाने को लेकर दोनों गुटों में …
लखनऊ। टेढ़ी पुलिया पर गत रविवार कार को घेरकर अंधाधुंध फायरिंग और बम फेंकने के मामले में नया खुलासा हुआ है। अभिषेक समेत सभी 6 दोस्तों को एक साथ मारने के लिए अलीगंज में कई दिनों से रेकी की जा रही थी। दरअसल होली के दौरान दारूबाजी और गाड़ी लगाने को लेकर दोनों गुटों में हुई मारपीट के बाद से ही काउंटर अटैक का तानाबाना बुन लिया गया था। रेकी करते हुए रविवार को अपराधियों ने अलीगंज से ही पीछा करना शुरू कर दिया था।
रविवार को इटौंजा के नीलांश वाटर पार्क से जब सभी दोस्त एक साथ निकले तो बीच सूनसान रास्ते पर एक साथ अटैक कर सभी को मौत के घाट उतारना था। पहले बम मारकर घायल करना था और फिर ताबड़तोड़ गोलियां दाग कर काम तमाम करना था, पर टेढ़ी पुलिया पर भीड़ के कारण प्लानिंग फेल हो गई। इन बातों का खुलासा पकड़े गए आरोपियों ने पुलिस पूछताछ में किया है।
याद रहे कि रविवार को अलीगंज निवासी अभिषेक अपने 6 दोस्तों के साथ इटौंजा के नीलांश वॉटर पार्क घूमने गया था। लौटने के क्रम में सीतापुर रोड पर पांच बाइक पर सवार 13 बदमाशों ने पीछा करते हुए पांच किलो मीटर तक फायरिंग की और बम फेंके। कार चालक नदीम सिद्दकी तेजी से कार को भगाते हुए टेढ़ी पुलिया आ पहुंचा। यहां बदमाशों ने घेरकर चारों ओर से कार पर ताबड़तोड़ फायरिंग की। पर भीड़ को देखकर सभी मौके से भाग निकले। नदीम सिद्दकी के बयान पर अलीगंज निवासी विवेक तिवारी उर्फ हनी, आरुष अरोड़ा उर्फ लव, पकंज रावत और आकाश निगम नामजद समेत कुल 13 लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी। जांच के दौरान पुरानी रंजिश की बात सामने आई।
तीन और गिरफ्तार, कुल छह हो चुके अरेस्ट
गुडम्बा पुलिस ने मामले में तीन और आरोपियों को मंगलवार को गिरफ्तार किया। इसी के साथ अबतक कुल छह लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है। इनमें अलीगंज के विष्णुपुरी कालोनी निवासी अमन रावत, अलीगंज सेक्टर बी निवासी आकाश निगम, मड़ियांव श्रीनगर कालोनी निवासी अभय श्रीवास्तव, मड़ियांव मां वैष्णों गेस्ट हाउस निवासी आदर्श तिवारी, अलीगंज सेक्टर बी निवासी पंकज रावत और अलीगंज उस्मानपुर निवासी आदित्य राजपूत शामिल हैं। जबकि मामले के मुख्य आरोपी हनी तिवारी व लव की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।
यह भी पढ़ें:-राज्यपाल आनंदी बेन पटेल का बड़ा फैसला: यूपी के विश्वविद्यालयों में लागू होगी बायोमीट्रिक अटेंडेंस प्रणाली
