पीलीभीत: गन्ना छिलाई कर रहे मजदूर पर तेंदुए ने बोला हमला, जख्मी
पूरनपुर, अमृत विचार। गन्ने की छिलाई करने गए एक मजदूर पर तेंदुए ने हमला कर घायल कर दिया। अचानक हुए हमले से मजदूरों में भगदड़ मच गई। मजदूरों ने शोर-शराबा कर घायल मजदूर को तेंदुए के चंगुल से छुड़ाया। घायल मजदूर को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। जहां प्राथमिक उपचार को बाद उसे जिला …
पूरनपुर, अमृत विचार। गन्ने की छिलाई करने गए एक मजदूर पर तेंदुए ने हमला कर घायल कर दिया। अचानक हुए हमले से मजदूरों में भगदड़ मच गई। मजदूरों ने शोर-शराबा कर घायल मजदूर को तेंदुए के चंगुल से छुड़ाया। घायल मजदूर को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। जहां प्राथमिक उपचार को बाद उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। मौके पर किसी विभागीय अधिकारी के न पहुंचने पर ग्रामीणों में खासा आक्रोश देखा गया। सामाजिक वानिकी प्रभाग के मुताबिक घटना खुटार रेंज में होना बताया गया है। घटना के बाद से ग्रामीणों में खासी दहशत देखी जा रही है।
थाना सेहरामऊ उत्तरी क्षेत्र का गांव निजामपुर लाह जंगल के किनारे बसा है। गुरुवार सुबह गांव निवासी हरिप्रसाद अपने भाई जितेंद्र व मुनीश के साथ गांव निवासी ख्यालीराम के खेत में गन्ने की छिलाई करने गया था। उसके साथ गांव के ही दिनेश, मोहन, संजू, होरीलाल भी गन्ना छिलाई करने गए थे। ख्यालीराम का खेत गांव के पश्चिम दिशा की ओर है। बताते हैं कि मजदूरों ने गन्ने की छिलाई शुरू ही की थी कि इसी बीच गन्ने के खेत से निकले एक तेंदुए ने हरि प्रसाद पर हमला कर दिया। जिससे वह घायल हो गया। अचानक हुए हमले से मजदूरों में भगदड़ मच गया। मजदूरों ने शोर-शराबा किया, तब कहीं जाकर तेंदुआ हरिप्रसाद को छोड़कर भाग निकला।
घटना की जानकारी लगते ही गांव के ग्रामीण खेत की ओर दौड़ पड़े। कुछ ही देर में सैकड़ों ग्रामीणों की भीड़ मौके पर इकट्ठा हो गया। हमले में घायल हरिप्रसाद को एंबुलेंस की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद घायल को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। घटनास्थल पर विभाग के किसी अधिकारी के न पहुंचने से ग्रामीणों में खासा आक्रोश देखा गया। ग्रामीणों ने बताया कि तेंदुआ हमला करने के बाद दोबारा उसी गन्ने के खेत में जाकर छुप गया। इससे पहले भी इस गांव में कई किसानों को बाघ अपना शिकार बना चुका है। तेंदुआ देखे जाने से ग्रामीणों में दहशत का माहौल बना हुआ है।
जंगल से सटे गांवों में वन्यजीव दे रहे दस्तक
पीटीआर की हरीपुर रेंज से सटे इलाके में बसे गांवों में वन्यजीव लगातार दस्तक दे रहे हैं। इन गांवों के आसपास बाघों और तेंदुओं की मौजूदगी देखी जा रही है। ग्रामीणों में आबादी के नजदीक वन्यजीवों के देखे जाने से खासी दशहत का माहौल बनता जा रहा है। हालांकि जंगल से सटे गांवों के ग्रामीण इसकी सूचना लगातार वनकर्मियों को देते आ रहे हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि सूचना देने के बाद भी एक बार भी कोई वनाधिकारी या वनकर्मी झांकने तक नहीं पहुंचा।
सेहरामऊ उत्तरी क्षेत्र में तेंदुए द्वारा हमले की सूचना मिली है। घटनास्थल सामाजिक वानिकी प्रभाग खुटार रेंज के अंतर्गत आता है। संबंधित रेंज के वनकर्मियों को इसकी सूचना दे दी गई। – अयूब हसन, रेंजर, सामाजिक वानिकी प्रभाग, पूरनपुर रेंज
