मुरादाबाद : कपड़ों की सप्लाई का झांसा देकर महिला से 80 हजार की ठगी

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

मुरादाबाद, अमृत विचार। कपड़ों की सप्लाई करने का झांसा देकर बरेली निवासी आरोपी ने महिला दुकानदार से करीब 80 हजार रुपये ठग लिए। आरोप है कि आरोपी ने महिला दुकानदार के साथ अश्लीलता और छेड़खानी भी की। अदालत के आदेश पर सिविल लाइंस पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। सदर कोतवाली …

मुरादाबाद, अमृत विचार। कपड़ों की सप्लाई करने का झांसा देकर बरेली निवासी आरोपी ने महिला दुकानदार से करीब 80 हजार रुपये ठग लिए। आरोप है कि आरोपी ने महिला दुकानदार के साथ अश्लीलता और छेड़खानी भी की। अदालत के आदेश पर सिविल लाइंस पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।

सदर कोतवाली क्षेत्र में रहने वाली महिला की सिविल लाइंस थानाक्षेत्र में नवीन नगर में गारमेंट्स की दुकान है। व्यापार के संबंध में महिला को अक्सर शहर से बाहर आना-जाना लगा रहता है। अक्टूबर 2020 में भी पीड़िता व्यापार के सिलसिले में बरेली गई थी। वहां उसकी मुलाकात बरेली के किला थाना क्षेत्र के मलकपुर निवासी इम्तयाज कुरैशी से हुई।

आरोपी इम्तयाज ने महिला को गारमेंट सप्लाई कराने का भरोसा दिया और एडवांस में कुछ रुपये मांगे। महिला ने आठ अक्टूबर को नौ हजार रुपये एडवांस दे दिए। इसके बाद आरोपी ने माल तैयार बताकर और रकम मांगी। कहा कि रकम भेजने पर माल की सप्लाई कर दी जाएगी। इस पर पीड़िता ने उसे 67 हजार 751 रुपये और दे दिए। इसके बाद जनवरी 2021 में इम्तयाज कुरैशी गारमेंट्स के कुछ सैंपल लेकर पीड़िता की दुकान पर आया। उसने जल्द ही माल भिजवाने की बात कहकर 15 हजार रुपये और ले लिए।

पीड़िता उस समय दुकान पर अकेली थी। आरोपी ने मौका देखकर उसके साथ छेड़छाड़ की। महिला ने शोर मचाने का प्रयास किया तो आरोपी ने उसके मुंह में ठूंस दिया और पर्दे के पीछे ले जाकर जबरदस्ती करने का प्रयास किया। महिला ने किसी तरह उसके चंगुल से छूटकर शोर मचा दिया। इस पर आसपास के लोग मौके पर एकत्र हो गए। यह देख आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गया। पीड़िता ने सिविल लाइंस थाने से लेकर एसएसपी ऑफिस तक मामले की शिकायत की लेकिन कहीं सुनवाई नहीं हुई। तब परेशान होकर उसने अदालत का दरवाजा खटखटाया। अदालत ने पीड़िता की अर्जी पर सिविल लाइंस पुलिस को एफआईआर दर्ज करने का आदेश दिया।

इंस्पेक्टर सिविल लाइंस रवि प्रताप सिंह ने बताया कि पीड़िता की तहरीर के आधार पर आरोपी के इम्तयाज कुरैशी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। प्रकरण की विवेचना की जा रही है। जो भी तथ्य सामने आएगा उसके अनुसार कार्रवाई की जाएगी।

संबंधित समाचार