लखनऊ: पांच दिन से लापता मजदूर की छह वर्षीय बेटी का शव बरामद, दुष्कर्म कर हत्या की आशंका
लखनऊ। काकोरी थानांतर्गत अमेठिया सलेमपुर गांव के समीप एक निर्माणाधीन आवासीय कॉलोनी के खाली प्लॉट से पांच दिन पूर्व लापता हुई बच्ची (6) का संदिग्ध स्थिति में शव बरामद हुआ है। शव करीब चार दिन पुराना बताया जा रहा है और सड़ चुका है। मृतका के पेट पर गहरा घाव है। ग्रामीणों ने दुष्कर्म कर …
लखनऊ। काकोरी थानांतर्गत अमेठिया सलेमपुर गांव के समीप एक निर्माणाधीन आवासीय कॉलोनी के खाली प्लॉट से पांच दिन पूर्व लापता हुई बच्ची (6) का संदिग्ध स्थिति में शव बरामद हुआ है। शव करीब चार दिन पुराना बताया जा रहा है और सड़ चुका है। मृतका के पेट पर गहरा घाव है। ग्रामीणों ने दुष्कर्म कर हत्या करने की आशंका जताई है। फिलहाल पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
काकोरी प्रभारी निरीक्षक जितेंद्र बहादुर सिंह ने बताया कि सीतापुर के सदरपुर थाना क्षेत्र के रहने वाला एक अनुसूचित जनजाति का परिवार अमेठिया सलेमपुर में मोहम्मद अब्बास के यहां रहकर उनके फर्नीचर के शोरूम पर मजदूरी करता है। बीते रविवार 17 अप्रैल की देर शाम को उसकी 6 वर्षीय भतीजी पास में ही किराना स्टोर पर कुछ समान लेने गई थी पर वापस नहीं लौटी।
रात भर खोजबीन करने के बाद भी जब बच्ची नहीं मिली तो परिजनों ने 18 अप्रैल को काकोरी पुलिस में लिखित शिकायत दी। गुरुवार शाम करीब पांच बजे पास में ही रेलवे स्टेशन रोड के किनारे खाली पड़े एक प्लाट की बाउंड्री के अंदर बालिका का शव बरामद हुआ।
एडीसीपी दक्षिण राजेश कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि मामले को गंभीरता से लेते हुए तीन जांच टीमों का गठन किया गया है। बच्ची की मौत कैसे हुई इस विषय में पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद ही कुछ कहना उचित होगा। जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।
पढ़ें- बाराबंकी: पत्नी और बेटी ने ही की थी हिस्ट्रीशीटर जगतपाल की हत्या, हुआ खुलासा
