बहराइच: ओपी राजभर ने भाजपा पर साधा निशाना, कहा- महंगाई से ध्यान भटकाने के लिए बुलडोजर और हनुमान चालीसा पढ़ाने का चल रहा खेल
बहराइच। पूर्व कैबिनेट मंत्री ओमप्रकाश राजभर शुक्रवार को जिले में आयोजित एक वैवाहिक कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे। पत्रकार वार्ता के दौरान ओमप्रकाश राजभर ने भाजपा सरकार पर जमकर निशाना साधा। बोले वर्ष 2022 के विधानसभा चुनाव में सपा गठबंधन ने भाजपा को कड़ी टक्कर दी है। ऐसे में लोकसभा चुनाव में तीसरे मोर्चे की …
बहराइच। पूर्व कैबिनेट मंत्री ओमप्रकाश राजभर शुक्रवार को जिले में आयोजित एक वैवाहिक कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे। पत्रकार वार्ता के दौरान ओमप्रकाश राजभर ने भाजपा सरकार पर जमकर निशाना साधा। बोले वर्ष 2022 के विधानसभा चुनाव में सपा गठबंधन ने भाजपा को कड़ी टक्कर दी है। ऐसे में लोकसभा चुनाव में तीसरे मोर्चे की कोई आवश्यकता ही नहीं है।
सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के प्रमुख और पूर्व कैबिनेट मंत्री ओमप्रकाश राजभर शुक्रवार को बहराइच जनपद के मिहींपुरवा विकासखंड अंतर्गत रामनगर कंडा गांव में आयोजित एक वैवाहिक कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे थे। पूर्व कैबिनेट मंत्री के जिला मुख्यालय पहुंचते ही हाईवे चौकी के पास पत्रकारों ने वार्ता के लिए रोक लिया। एक सवाल के जवाब में कैबिनेट मंत्री ने कहा कि इस समय अल्पसंख्यकों को डराने के लिए बुलडोजर और हनुमान चालीसा का पाठ किया जा रहा है।
पूर्व कैबिनेट मंत्री ने कहा कि इससे पहले भी हनुमान चालीसा होती थी लेकिन कोई विवाद नहीं था। अब भाजपा 2024 के लोकसभा चुनाव को देखते हुए ध्रुवीकरण की राजनीति कर रही है। पूर्व कैबिनेट मंत्री ने कहा कि इस समय देश और प्रदेश में बेतहाशा महंगाई बढ़ रही है। महंगाई से ध्यान भटकाने के लिए भाजपा सरकार गरीबों के मकान पर बुलडोजर चला रही है।
ओमप्रकाश राजभर ने कहा कि गरीबों को भाजपा सरकार जेल में डाल रही है। उन्होंने हंसते हुए कहा कि गुजरातियों का काम ही यही है कि जिसको चाहो उसको जेल के अंदर डाल दो। उदाहरण के लिए भाजपा से ही लालकृष्ण आडवाणी और मुरली मनोहर जोशी प्रमुख हैं उनको घर से बाहर नहीं निकलने दिया जा रहा है। पूर्व कैबिनेट मंत्री ने शिवपाल और आजम के मुलाकात पर कहा कि समाचारों में चल रहा था कि 19 अप्रैल तक शिवपाल यादव भाजपा में शामिल हो जाएंगे।
लेकिन आज 22 अप्रैल हो गया और शिवपाल यादव भाजपा में शामिल नहीं हुए। ऐसे में दोनों की मुलाकात साधारण मुलाकात है। उन्होंने तीसरे मोर्चे के गठबंधन पर बोला कि विधान सभा चुनाव में सपा ने भाजपा का मुकाबला किया। आने वाले लोकसभा चुनाव में सपा ही भाजपा का मुकाबला करेगी। तीसरे मोर्चे की कोई जरूरत नहीं है। इसके बाद वह शादी में शामिल होने चले गए।
यह भी पढ़ें:-ओपी राजभर ने सरकार पर कसा तंज, कहा- मेहनतकश लोग जी रहे जिल्लत की जिंदगी, गरीबों पर चल रहा बुलडोजर
