हरदोई: प्रेमी युगल की गोली मारकर हत्या! सीएचसी भवन के अंदर मिला दोनों का शव, जांच में जुटी पुलिस
हरदोई। प्रेमी-प्रेमिका की गोली मार कर हत्या किए जाने की खबर से समूचा बिलग्राम बिलबिला उठा। खून से लथ-पथ दोनों के शव पुरानी सीएचसी के अंदर पड़े हुए देखे गए। इसका पता होते ही एसपी राजेश द्विवेदी, एएसपी पूर्वी अनिल कुमार यादव, एसडीएम बिलग्राम और सीओ बिलग्राम के फोरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंच कर …
हरदोई। प्रेमी-प्रेमिका की गोली मार कर हत्या किए जाने की खबर से समूचा बिलग्राम बिलबिला उठा। खून से लथ-पथ दोनों के शव पुरानी सीएचसी के अंदर पड़े हुए देखे गए। इसका पता होते ही एसपी राजेश द्विवेदी, एएसपी पूर्वी अनिल कुमार यादव, एसडीएम बिलग्राम और सीओ बिलग्राम के फोरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंच कर जांच-पड़ताल शुरू कर दी गई है। वैसे पुलिस इसे आत्महत्या बता रहीं हैं, वहीं इलाके के लोग वारदात को ऑनर किलिंग होना मान रहें हैं।
बताया गया है कि बिलग्राम कस्बे के मोहल्ला रफैय्यत गंज निवासी जाकिर की 26 वर्षीय पुत्री तबस्सुम उर्फ मुन्नी शनिवार को दिन में लगभग 11 बजे बुखार की दवा लेने के लिए घर से निकली थी। इसके काफी देर तक जब वह वापस घर नहीं लौटी तो उसकी खोजबीन की जाने लगी।इसी बीच दोपहर में शोर मच गया कि कस्बे की सदर बाजार में पुरानी सीएचसी के अंदर खून से लथ-पथ दो शव पड़े हुए हैं। इसका पता होते ही वहां कोहराम मच गया।

एसपी राजेश द्विवेदी, एएसपी पूर्वी अनिल कुमार यादव, एसडीएम व सीओ बिलग्राम के अलावा फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंच गई। इसके काफी देर बाद एक शव की शिनाख्त तबस्सुम उर्फ मुन्नी और दूसरे शव की शिनाख्त 27 वर्षीय श्यामू पुत्र रमेश राठौर निवासी मोहल्ला मंडई कस्बा बिलग्राम के रूप में की गई। जहां पर दोनों शव पड़े हुए थे, वहीं पर 315 बोर का तमंचा और एक खोखा भी पड़ा पाया गया।
समूचे इलाके में इसी बात का शोर हो रहा है कि दोनों की गोली मार कर हत्या की गई। जबकि पुलिस इसे आत्महत्या बता रही है। पुलिस के इस तर्क के बीच लोग इसे ऑनर किलिंग का नाम दे रहें हैं। एसपी श्री द्विवेदी का कहना है कि शवों को कब्जे में ले लिया गया है। मामले की गहराई से जांच-पड़ताल की जा रही है। जो भी सच्चाई होगी, बहुत जल्द ही सामने आ जाएगी।
पीहर के अरमानों का निकला जनाजा
गरीबी और गुरबत में गुजर-बसर करने वाला जाकिर का कुनबा मुन्नी की शादी में अपने अरमानों को पंख देने के लिए उतावले थे। लेकिन इसी बीच आई एक मनहूस खबर ने सभी के अरमानों को दफन कर दिया। हर किसी का रो-रो कर बुरा हाल हो गया है। बताते चलें कि बिलग्राम कस्बे के मोहल्ला रफैय्यत गंज निवासी जाकिर के दो बेटी और तीन बेटे है। अपनी मेहनत-मज़दूरी के बूते दो वक्त की रोटी जुटा पाना उनके लिए काफी मुश्किल था। लेकिन फिर भी गरीबी और गुरबत में गुजर-बसर करने वाले ज़ाकिर के घर वालों के अरमान बहुत थे।
तबस्सुम उर्फ मुन्नी की शादी मल्लावां कस्बे से तय हुई थी। 16 मई को उसकी बारात आनी थी।घर वालो ने उसकी शादी के लिए अपने अरमानों की पोटली बांध रखी थी। भाई भी रात-दिन पसीना बहा रहे थे। शादी की लगभग सारी तैयारियां पूरी हो चुकी थी। बस उस दिन का बड़ी बेसब्री से इंतजार किया जा रहा था,जिस दिन तबस्सुम उर्फ मुन्नी अपने पीहर की दहलीज से दुल्हन के लिबास में विदा होने वाली थी। लेकिन कहा गया है कि किस्मत की लकीरों को कोई काट नहीं सकता। अपने पीहर की दहलीज से तबस्सुम उर्फ मुन्नी की डोली निकलती, उससे पहले उसी दहलीज से उसका जनाजा निकला। इस मंजर को देखने वाला हर कोई अपने आंसुओं को रोक नहीं पाया।
पूरे इलाके की पुलिस ने की घेराबंदी
प्रेमी-प्रेमिका के खून से लथ-पथ शव मिलने की खबर से पुलिस की पेशानी पर बल पड़ गए। आला अफसरों के पहुंचने से पहले ही वहां इलाकाई पुलिस के अलावा माधौगंज,साण्डी और मल्लावां कोतवाली की पुलिस ने वहां पहुंच कर पूरे इलाके की घेराबंदी कर दी। अफवाहें उड़ाने वालों की कड़ी निगरानी की जाने लगी। हालात से निपटने के लिए पुलिस के जवान पूरी तरह से तैयार दिखाई दिए।
यह भी पढ़ें:-प्रयागराज में एक ही परिवार के पांच लोगों की हत्या के मामले में पड़ताल करेगी एसटीएफ
