उन्नाव कस्टोडियल डेथ केस: सुप्रीम कोर्ट ने लखनऊ पुलिस को सौंपी जांच

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

उन्नाव। उच्चतम न्यायालय ने उत्तर प्रदेश के उन्नाव में कथित तौर पर 17 वर्षीय नवयुवक की पुलिस हिरासत में पीट-पीटकर हत्या के मामले की जांच मंगलवार को लखनऊ पुलिस को हस्तांतरित करने के आदेश दिये। न्यायमूर्ति अजय रस्तोगी और न्यायमूर्ति बेला एम. त्रिवेदी की पीठ ने मृतक मोहम्मद फैजल की मां नसीमा की विशेष अनुमति …

उन्नाव। उच्चतम न्यायालय ने उत्तर प्रदेश के उन्नाव में कथित तौर पर 17 वर्षीय नवयुवक की पुलिस हिरासत में पीट-पीटकर हत्या के मामले की जांच मंगलवार को लखनऊ पुलिस को हस्तांतरित करने के आदेश दिये। न्यायमूर्ति अजय रस्तोगी और न्यायमूर्ति बेला एम. त्रिवेदी की पीठ ने मृतक मोहम्मद फैजल की मां नसीमा की विशेष अनुमति याचिका पर संबंधित पक्षों की दलीलें सुनने के बाद आदेश पारित किया।

पीठ ने संबंधित मामले की जांच रिपोर्ट आठ सप्ताह में पेश करने के निर्देश देने के साथ ही सुनवाई की अगली तिथि 19 जुलाई मुकर्रर की है। शीर्ष न्यायालय ने कहा कि उन्नाव के जांच अधिकारी की ओर से अब तक की गई जांच को प्रथम दृष्टया उचित नहीं ठहराया जा सकता है। पीठ ने अब तक की जांच पर असंतोष जताते हुए उत्तर प्रदेश सरकार को एक सप्ताह के भीतर मामले को लखनऊ पुलिस को हस्थानांतरित करने तथा आरोप-पत्र और अन्य जरूरी कागजात भी संबंधित अधिकारी को सौंपने के आदेश दिये हैं।

पीठ ने पुलिस महानिरीक्षक (खुफिया, मुख्यालय, लखनऊ) भगवान स्वरूप को खुद जांच करने का निर्देश देते हुए इसकी रिपोर्ट आठ सप्ताह के भीतर शीर्ष अदालत में पेश करने को कहा। याचिकाकर्ता ने अपने पुत्र की पुलिस कर्मियों द्वारा हिरासत में लेकर निर्मम हत्या का आरोप लगाते हुए निष्पक्ष जांच के लिए मामले को केंद्रीय जांच ब्यूरो या अन्य केंद्रीय जांच एजेंसी को हस्तांतरित करने का अनुरोध किया था।

सब्जी विक्रेता फैजल की 21 मई-2021 को बांगरमऊ थाने में पुलिसकर्मियों द्वारा कथित तौर पर पिटाई के बाद मृत्यु हो गई थी। मृतक के परिजनों की शिकायत पर इसी थाने के संबंधित पुलिस कर्मियों पर हत्या का मुकदमा उसी दिन दर्ज किया गया था। अगले दिन 22 मई को मृतक के शव के पोस्टमार्टम रिपोर्ट में 14 जख्म के निशान पाए जाने का जिक्र याचिका में किया गया है।

यह भी पढ़ें:-उन्नाव: चारपाई पर अधेड़ का रक्तरंजित शव मिलने से फैली सनसनी, पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार 

संबंधित समाचार