बरेली: शहर से लेकर देहात तक पेट्रोल पंपों पर छापा

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

अमृत विचार, बरेली। शासन के निर्देश पर पेट्रोल पंपों पर चेकिंग की जा रही है। सोमवार को बहेड़ी और परसाखेड़ा में प्रशासनिक अधिकारियों के साथ बाट माप विभाग और पूर्ति विभाग की टीमों ने पेट्रोल पंपों को चेक किया। हालांकि इस दौरान कोई कमी नहीं मिली लेकिन टीम के पेट्रोल पंप पर छापा मारने को …

अमृत विचार, बरेली। शासन के निर्देश पर पेट्रोल पंपों पर चेकिंग की जा रही है। सोमवार को बहेड़ी और परसाखेड़ा में प्रशासनिक अधिकारियों के साथ बाट माप विभाग और पूर्ति विभाग की टीमों ने पेट्रोल पंपों को चेक किया। हालांकि इस दौरान कोई कमी नहीं मिली लेकिन टीम के पेट्रोल पंप पर छापा मारने को लेकर पेट्रोल पंप संचालकों में खलबली मची रही। इसके साथ ही पेट्रोल पंप संचालक व्यवस्था को दुरुस्त करने में जुट गए।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सभी जिलों के डीएम व दूसरे अधिकारियों को पेट्रोल पंपों पर गड़बड़ियों की शिकायतें मिलने के बाद चेकिंग के निर्देश दिए थे। ग्राहक बनकर चेकिंग करने तक कि बात कही गई। मगर टीमें पहुंचने कि सूचनाएं पहले ही लीक होने से पेट्रोल पंप संचालक सतर्क हो जा रहे हैं। बीते सप्ताह हुई चेकिंग में भी किसी प्रकार की गड़बड़ी नहीं मिली थी।

बुधवार को जिलाधिकारी के निर्देश पर पूर्ति विभाग, इंडियन आयल कारपोरेशन, बाट माप विभाग की संयुक्त टीम ने कुल 6 पेट्रोल पंप चेक किए। इस दौरान पंपों के नोजल चेक कराने के साथ पेट्रोल-डीजल की सैंपलिंग कराकर उनकी डेनसिटी चेक की गई। घटतौली की संभावना के चलते 5-5 लीटर के माप में पेट्रोल डीजल को चेक किया। मशीन की सील आदि को अच्छी तरह परखा गया।

बहेड़ी में एसडीएम पारुल तरार, पूर्ति निरीक्षक राजीव श्रीवास्तव, बाट माप निरीक्षक आदि ने दो पेट्रोल पंप चेक किये। बहेड़ी में रोडवेज के नजदीक बहेड़ी फिलिंग सर्विस सेंटर और मंडी समिति के नजदीक किसान सेवा केंद्र पर चेकिंग की गई। इसके अलावा परसाखेड़ा में शुभी फिलिंग स्टेशन, श्रुति एनर्जी सल्यूशन, बाईपास पर बालाजी ऑटो और सिद्ध बाबा फिलिंग स्टेशन पर चेकिंग हुई लेकिन किसी भी पंप पर कोई गड़बड़ी नहीं मिली।

मनोज कुमार, सहायक नियंत्रक, बाट माप विभाग
सयुंक्त टीम ने 6 पंपों पर निरीक्षण किया है। किसी भी प्रकार से कोई विशेष कमी पंपों पर नहीं मिली और घटतौली की सूचना भी कहीं से प्राप्त नहीं हुई है। सभी पंपों के निरीक्षण की रिपोर्ट तैयार की जा रही है।

ये भी पढ़ें- बरेली: मंडल से 686 आजमीन का हज यात्रा पर जाना तय

 

संबंधित समाचार