बरेली: कोविड के प्रभाव से युवाओं में बढ़ रहा मानसिक अवसाद
बरेली, अमृत विचार। युवाओं को विपत्ति से लड़ने के लिए मजबूत माना जाता है, लेकिन कोविड ने युवाओं की सेहत पर गंभीर असर डाला है। जिला अस्पताल स्थित मन कक्ष में बीते छह माह में इलाज के लिए पहुंचने वाले मानसिक अवसाद से ग्रसित राेगियों में युवाओं की संख्या में बढ़ोत्तरी हुई है। मन कक्ष …
बरेली, अमृत विचार। युवाओं को विपत्ति से लड़ने के लिए मजबूत माना जाता है, लेकिन कोविड ने युवाओं की सेहत पर गंभीर असर डाला है। जिला अस्पताल स्थित मन कक्ष में बीते छह माह में इलाज के लिए पहुंचने वाले मानसिक अवसाद से ग्रसित राेगियों में युवाओं की संख्या में बढ़ोत्तरी हुई है। मन कक्ष प्रभारी की ओर से युवाओं की काउंसिलिंग कर उचित परामर्श दिया जा रहा है।
जिले के हजारों लोगों ने महामारी काल में कोरोना से जंग जीत ली है। कोरोना से जीतने के बाद भी उनमें कई समस्याएं बनी हुई हैं। जिसे पोस्ट कोविड प्रभाव कहा जाता है। लोगों को शारीरिक कमजोरी के साथ ही मानसिक रूप से भी परेशानी होने लगी है। डाक्टर उन्हें दवा के साथ ही मेडिटेशन और चेस्ट की एक्सरसाइज करने की सलाह दे रहे हैं। इसके साथ ही शुगर का लेवल चेक करने और खून पतला करने की दवा बिना डाक्टर से पूछे नहीं छोड़ने को बोल रहे हैं।
एन्जाइटी व डिप्रेशन के शिकार युवा
मन कक्ष प्रभारी डा. आशीष बताते हैं कि उनके पास कोरोना को मात देने वाले कई मरीज पहुंच रहे हैं। पोस्ट कोविड बीमारियों से कई मरीज परेशान हैं, लेकिन तीसरी लहर के बाद भले ही पोस्ट कोविड का खतरा मरीजों में देखने को नहीं मिल रहा है। इसके बाद भी युवा वर्ग डिप्रेशन और एन्जाइटी की जद में अधिक आ रहे हैं। जिनकी काउंसिलिंग कर इलाज दिया जा रहा है।
बोर्ड परीक्षा के दौरान आए सबसे अधिक फोन
डा, आशीष बताते हैं कि कोरोना के चलते लंबे समय से स्कूल- कॉलेज बंद रहे ऐसे में युवाओं की दिनचर्या भी प्रभावित हुई, वहीं हाल ही में स्कूल खुले तो बोर्ड परीक्षाएं होने लगी, ऐसे में परीक्षा को लेकर युवाओं में भय सामने आया। मन कक्ष की ओर से जारी हेल्पलाइन नंबर पर बड़ी संख्या में युवाओं ने संपर्क किया। काउंसिलिंग कर उनके मन में व्याप्त डर को दूर किया गया।
इन हेल्प लाइन नंबर पर ले सकते हैं परामर्श
विभाग की ओर से 7248215822, 7248215922 और 80 46110007 पर कॉल कर मनोरोग संबंधी जानकारी और नि:शुल्क परामर्श ले सकते हैं।
