खरगोन पहुंची कांग्रेस की जांच कमेटी को करना पड़ा विरोध का सामना

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

खरगोन। मध्यप्रदेश के हिंसाग्रस्त खरगोन जिला मुख्यालय पर लगभग 25 दिनों बाद पहुंची कांग्रेस की जांच कमेटी के सदस्यों को अप्रिय स्थिति के बीच आज जमकर विरोध का सामना करना पड़ा। हिंसाग्रस्त खरगोन जिला मुख्यालय पर कल कर्फ्यू समाप्त होने के उपरांत आज कांग्रेस की जांच कमेटी के सदस्य सज्जन सिंह वर्मा, मुकेश नायक, बाला बच्चन, …

खरगोन। मध्यप्रदेश के हिंसाग्रस्त खरगोन जिला मुख्यालय पर लगभग 25 दिनों बाद पहुंची कांग्रेस की जांच कमेटी के सदस्यों को अप्रिय स्थिति के बीच आज जमकर विरोध का सामना करना पड़ा। हिंसाग्रस्त खरगोन जिला मुख्यालय पर कल कर्फ्यू समाप्त होने के उपरांत आज कांग्रेस की जांच कमेटी के सदस्य सज्जन सिंह वर्मा, मुकेश नायक, बाला बच्चन, गजेंद्र सिंह राजूखेड़ी और अलीम शेख ने प्रभावित क्षेत्रों में जाकर स्थिति का जायजा लिया।

उनके साथ खरगोन के विधायक रवि जोशी , महेश्वर की विधायक विजयलक्ष्मी साधो तथा जिला कांग्रेस अध्यक्ष व विधायक झूमा सोलंकी भी मौजूद थीं। इसी दौरान 10 अप्रैल रामनवमी को हिंसा की शुरुआत देखने वाले इलाके तालाब चौक से जुड़े गौशाला मार्ग पर प्रभावित नागरिकों ने उन्हें जमकर खरी-खोटी सुनाई, जिसके चलते उन्हें उल्टे पैर लौटना पड़ा। प्रभावितों ने उन्हें देर से पहुंचने, वर्ग विशेष के तुष्टिकरण और पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह के बयान तथा सोशल मीडिया पर उनके कथित भ्रामक पोस्टों को लेकर जमकर हंगामा किया।

उन्होंने वर्ग विशेष को फंडिंग करने वाले कथित संगठन के कांग्रेस से सांठगांठ होने का आरोप लगाते हुए जांच कमेटी के सदस्यों पर निशाना साधते हुए कहा कि आर्थिक मदद के चलते खरगोन में वर्ग विशेष के युवाओं के हौसले बढ़े और उन्होंने जमकर उपद्रव किया। उन्होंने कांग्रेस की जांच कमेटी पर वर्ग विशेष के प्रभावितों से ही मुलाकात करने का आरोप लगाया। महिलाओं ने पूर्व मंत्री तथा महेश्वर से विधायक विजयलक्ष्मी साधो को भी घेर लिया, जिसके चलते उन्हें भागकर अपने वाहन में बैठकर अन्य सदस्यों के साथ रवाना होना पड़ा। हालांकि सुश्री साधौ भी महिलाओं से बहस करती नजर आई।

पूर्व मंत्री तथा कांग्रेस नेता सज्जन सिंह वर्मा द्वारा एक महिला को, यह किए कहे जाने पर कि उसने विरोध की ट्रेनिंग ली हुई है, पर लोग भड़क उठे और श्री वर्मा को भी बैकफुट पर आना पड़ा। खरगोन से कांग्रेस विधायक रवि जोशी को एक महिला ने कहा कि वे यदि कुछ नहीं कर सकते, तो कम से कम उन्हें जहर दिला दें । इसके बाद एक समाज विशेष के वरिष्ठ सदस्यों ने रवि जोशी के निजी अस्पताल परिसर में पहुंचकर जांच कमेटी को ज्ञापन सौंपा और नारे लगाए। जांच कमेटी के सदस्य तथा अन्य कांग्रेसजन हिंसा प्रभावित भावसार मोहल्ला, तवड़ी चौक, संजय नगर और माली मोहल्ले भी गए।

उन्होंने प्रभावितों को आश्वस्त किया कि घटनाओं की निष्पक्ष रूप से जांच सुनिश्चित कर आरोपियों को दंडित करवाया जाएगा। भारतीय जनता पार्टी के स्थानीय मीडिया प्रभारी प्रकाश भावसार ने कहा कि यह नागरिकों का कांग्रेस के प्रति स्वाभाविक विरोध है। उन्होंने स्पष्ट किया कि भारतीय जनता पार्टी का कोई भी नेता कांग्रेस की जांच कमेटी का विरोध करने नहीं गया। जब जांच कमेटी के सदस्यों ने पत्रकारों से चर्चा में कहा कि खरगोन का दंगा पुलिस तथा प्रशासन की नाकामी है, श्री सज्जन सिंह वर्मा ने कहा कि लोग अभी तक डरे हुए हैं और घर भेज कर दूसरे स्थानों पर जाना चाह रहे हैं, इसका मतलब यह है कि प्रशासन उनका विश्वास नहीं जीत पाया है। उन्होंने कहा कि भाजपा अशांति चाहती है और लोगों को धर्म के नाम पर बाँट कर अपनी राजनीति करना चाहती है।

ये भी पढ़ें- इटली के साथ संबंधों में पूरा सहयोग करूंंगा- मुख्यमंत्री बोम्मई

संबंधित समाचार