बिजनौर: बेसिक शिक्षा मंत्री ने स्कूलों का किया निरीक्षण, कहा-शिक्षा जीवन का मूल आधार

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बिजनौर, अमृत विचार। गुरुवार को बेसिक शिक्षा मंत्री संदीप सिंह ने जिले के स्कूलों का निरीक्षण किया और विकास कार्य की योजनाओं को परखा। कार्य संतोषजनक पाए जाने पर अधिकारियों ने राहत की सांस ली। मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार की योजनाओं को पूर्ण गुणवत्ता और मानक के अनुरूप लाभार्थी तक पहुंचाया जा रहा …

बिजनौर, अमृत विचार। गुरुवार को बेसिक शिक्षा मंत्री संदीप सिंह ने जिले के स्कूलों का निरीक्षण किया और विकास कार्य की योजनाओं को परखा। कार्य संतोषजनक पाए जाने पर अधिकारियों ने राहत की सांस ली।

मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार की योजनाओं को पूर्ण गुणवत्ता और मानक के अनुरूप लाभार्थी तक पहुंचाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों तथा सरकारी अधिकारी द्वारा ग्राम चौपाल में जाकर उसके माध्यम से प्रत्यक्ष रूप से लाभार्थियों से कार्यक्रमों की गुणवत्ता के बारे में जानकारी हासिल की जा रही है। कहा कि अब गांव से शहर की ओर होने वाला पलायन रुका है, क्योंकि ग्राम स्तर पर शहरी तर्ज की सभी सुविधाओं को उपलब्ध कराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार बेसिक शिक्षा विभाग में आमूलचूल सुधार लाने तथा उसे गुणवत्ता पूरक बनाने के लिए बहुत ज्यादा गंभीर एवं संवेदनशील है‌। कहा कि बेसिक शिक्षा, शिक्षा का मूल आधार है जो बच्चों का जीवन एवं भविष्य तय करता है।

बेसिक शिक्षा मंत्री अपने निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार स्थानीय निरीक्षण भवन पहुंचे, जहां उन्होंने गार्ड आफ आनर का मुयायना किया। इसके बाद ग्राम धर्मनगरी स्थित कस्तूरबा गांधी विद्यालय का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान बच्चों को मेस में खाना खाते हुए पाए जाने पर बच्चों से भोजन की गुणवत्ता और स्थानीय सुविधाओं के बारे में जानकारी की। राज्य मंत्री कस्तूरबा गांधी विद्यालय के छात्रावास में भी पहुंचे, जहा सफाई व्यवस्था एवं बच्चों को अनुशासन में पाया गया। उन्होंने छात्रावास में प्रवास कर रही बच्चियों से सवाल पूछे और उनके भविष्य में क्या बनने की इच्छा के बारे में जानकारी की।

उसके बाद बेसिक शिक्षा मंत्री संदीप सिंह ग्राम धर्मनगरी में ही स्थापित कम्पोजिट विद्यालय में आयोजित ग्राम चौपाल कार्यक्रम में पहुंचे, जहां उनका जिलाधिकारी उमेश मिश्रा, मुख्य विकास अधिकारी के पी सिंह सहित अन्य अधिकारियों द्वारा बुके देकर स्वागत किया। मंत्री ने आंगनबाड़ी केंद्र में पंजीकृत गर्भवती महिलाओं की गोद भराई की। उन्होंने दिव्यांगजनों को निशुल्क ट्राई साइकिल का वितरण, मां दुर्गा महिला प्रेरणा माइक्रो एंड इंटरप्राइजेज संस्थान के संचालकों को पुष्टाहार उत्पादन इकाई स्थापित करने के लिए 90 लाख रुपये का चैक दिया।

धर्मनगरी में जिला प्रशासन द्वारा कराए गए विकास एवं राजस्व कार्यों पर बिंदुवार सत्यापन किया गया। कार्यक्रम का संचालन परियोजना निदेशक डीआरडीए ज्ञानेश्वर तिवारी ने किया। इस अवसर पर विधायक सदर सूची चौधरी, नहटौर विधायक ओमकुमार, बढ़ापुर विधायक सुशांत सिंह, जिलाध्यक्ष भाजपा सुभाष वाल्मीकि, जिलाधिकारी उमेश मिश्रा, पुलिस अधीक्षक डॉ. धर्मवीर सिंह, मुख्य विकास अधिकारी केपी सिंह, अपर जिलाधिकारी प्रशासन विनय कुमार सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक नगर डॉ. प्रवीण रंजन सहित अन्य जिला स्तरीय अधिकारीगण तथा जनप्रतिनिधि मौजूद थे।

ये भी पढ़ें:- पीलीभीत: सजावट करने गए इलेक्ट्रीशियन की करंट से मौत

संबंधित समाचार