बाराबंकी: पुलिस और वन विभाग की टीम को चकमा देकर भागा तेंदुआ, खौफ में ग्रामीण
बाराबंकी। पुलिस और वन विभाग की टीम को 24 घंटे तक छकाने के बाद तेंदुआ निकल भागा। अब आशंका जताई जा रही है कि भूखा तेंदुआ आदमखोर बन सकता है। आशंका यह भी जताई जा रही है कि वह जल्द ही किसी जानवर का शिकार करेगा। वन विभाग के अधिकारी कह रहे हैं कि तेंदुए …
बाराबंकी। पुलिस और वन विभाग की टीम को 24 घंटे तक छकाने के बाद तेंदुआ निकल भागा। अब आशंका जताई जा रही है कि भूखा तेंदुआ आदमखोर बन सकता है। आशंका यह भी जताई जा रही है कि वह जल्द ही किसी जानवर का शिकार करेगा। वन विभाग के अधिकारी कह रहे हैं कि तेंदुए के अब इस क्षेत्र में लौटने की संभावना बहुत कम है।
मोहम्मदपुर खाला थाना क्षेत्र के अंबा गांव में यूकेलिप्टस के पेड़ पर तेंदुए के दिखाई पड़ने के बाद सोमवार की सुबह वन विभाग की टीम ने कांबिंग शुरू की थी।
वन विभाग पुलिस और ग्रामीणों की टीम को यह तेंदुआ रात 9:30 बजे तक छकाता रहा। एक डाल से दूसरे डाल पर कूदते हुए वह कब बाहर निकल गया, डेरा डाले वन कर्मियों और पुलिस को भी पता नहीं चला। वन विभाग के अधिकारी अब पग मार्क से उसके रास्ते की पहचान की बात कह रहे हैं।
वन विभाग की टीम में अभी भी संबंधित क्षेत्र में तेंदुए को पकड़ने के लिए कई स्थानों पर पिंजड़े लगाए हैं। लेकिन उनका कहना है कि अब तेंदुआ उस क्षेत्र को छोड़कर जा चुका है। टीम को उम्मीद है कि लगातार हांके से परेशान होकर वह पुनः अपने गंतव्य की ओर लौट सकता है।
फिलहाल अंबा गांव के साथ-साथ आसपास के गांवों में भी दहशत का माहौल है। ग्रामीण घर से निकलने से भी कतरा रहे हैं। नित्य क्रिया के लिए भी ग्रामीणों को समूह में निकलते हुए देखा जा सकता है। वे अपने आवश्यक कार्यों को मिटाने के लिए सामूहिक रूप से लाठी डंडे के साथ निकल रहे हैं। वन अधिकारियों ने भी ग्रामीणों को सतर्क रहने की सलाह दी है।
पढ़ें- बाराबंकी: यूकेलिप्टस के पेड़ पर दिखा तेंदुआ, गांव में दहशत का माहौल, वन विभाग ने शुरू की कांबिंग
