अयोध्या: समदा झील का होगा कायाकल्प, पक्षी विहार के लिए हुआ भूमि पूजन
अयोध्या। सोहावल तहसील क्षेत्र के कोला व मोइया कपुरपुर ग्राम पंचायत में समदा झील का कायाकल्प होने के आसार हैं। यहां पक्षी विहार के साथ सौन्दर्यीकरण की योजना बनाई गई है, जिसके लिए बुधवार को भूमि पूजन हुआ। अयोध्या विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष विशाल सिंह ने अधिकारियों के साथ समदा झील पर पहुंच कर भूमि …
अयोध्या। सोहावल तहसील क्षेत्र के कोला व मोइया कपुरपुर ग्राम पंचायत में समदा झील का कायाकल्प होने के आसार हैं। यहां पक्षी विहार के साथ सौन्दर्यीकरण की योजना बनाई गई है, जिसके लिए बुधवार को भूमि पूजन हुआ। अयोध्या विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष विशाल सिंह ने अधिकारियों के साथ समदा झील पर पहुंच कर भूमि पूजन किया।
इस बहुप्रतीक्षित योजना के लिए क्षेत्र वासियों ने कई बार आवाज उठाई थी। इसके पहले तत्कालीन जिला अधिकारी अनिल पाठक के कार्यकाल में इस झील को पक्षी विहार बनाने के लिये प्रस्तावित किया गया था। इस पर कुछ काम भी हुआ था लेकिन जनप्रतिनिधियों की उदासीनता से मामला जस का तस रह गया।
करीब 67 एकड़ में फैली इस झील में प्रवासी पक्षी भी आते हैं। जिसे देखने के लिए जिले से ही नहीं बल्कि अन्य प्रदेशों के लोग आते रहते हैं। सही से देखभाल न होने के कारण इस पर अतिक्रमण व विदेशी पक्षियों का शिकार कई बार चर्चा का विषय बना रहा। फिर इसके सुन्दरीकरण के लिये कार्य शुरू किया गया था लेकिन कार्य बीच में रोक दिया गया था।
बुधवार को भूमि पूजन से फिर झील के जीर्णोद्धार की आस जगी है। भूमि पूजन के अवसर पर लेखाधिकारी मनोज कुमार सिंह, एसडीएम अनुराग प्रसाद आदि मौजूद रहे। अयोध्या विकास प्राधिकरण उपाध्यक्ष विशाल सिंह ने बताया कि पक्षी विहार बनाने के लिये समदा झील की जमीन का पूजन हो गया है। अयोध्या विकास प्राधिकरण की देखरेख में जल्द ही इस पर कार्य शुरू करा दिया जायेगा।
