मुरादाबाद: मूंढापांडे थाने में तीन इंस्पेक्टर के बॉस बन गए दरोगा जी

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

मुरादाबाद, अमृत विचार। पुलिस महकमे की रीढ़ कहे जाने वाले अनुशासन ने एक नवनियुक्त थाना प्रभारी को असमंजस में डाल दिया है। एक साथ तीन इंस्पेक्टर के बॉस बने दरोगा जी ऊहापोह में हैं कि वह तीन सीनियर का सामना बतौर थानेदार वह कैसे करें। तीन इंस्पेक्टर व थानेदार के बीच असमंजस की स्थिति शनिवार …

मुरादाबाद, अमृत विचार। पुलिस महकमे की रीढ़ कहे जाने वाले अनुशासन ने एक नवनियुक्त थाना प्रभारी को असमंजस में डाल दिया है। एक साथ तीन इंस्पेक्टर के बॉस बने दरोगा जी ऊहापोह में हैं कि वह तीन सीनियर का सामना बतौर थानेदार वह कैसे करें। तीन इंस्पेक्टर व थानेदार के बीच असमंजस की स्थिति शनिवार को पुलिस महकमे की सुर्खी बनी रही।

एसएसपी हेमंत कुटियाल ने शुक्रवार देर रात 11 थानों का प्रभार बदल दिया। भोजपुर के थाना प्रभारी हिमांशु चौहान को मूंढापांडे थाने की कमान सौंपी गई। जबकि वहां थाना प्रभारी का कामकाज देख रहे आइपीएस शक्ति मोहन अवस्थी को मैनाठेर थाने का कार्यभार सौंप दिया गया। शनिवार को मूंढापांडे थाने के हालात दिलचस्प हो गए।

थाने का कार्यभार ग्रहण करने पहुंचे नए प्रभारी को देख वहां तैनात पुलिस कर्मियों के चेहरे पर कटीली मुस्कान पसर गई। पुलिस कर्मी इस ऊहापोह में डूब गए कि नए बॉस (थाना प्रभारी) की कुर्सी पर दरोगी जी तब कैसे बैठेंगे, जब उनके सामने मातहत के रूप में तीन निरीक्षक खड़े होंगे। मूंढापांडे थाने में निरीक्षक संजय पांचाल, अनिल कुमार और नरेशपाल की तैनाती है।

विभागीय अनुशासन व नैतिकता का बोध नए थाना प्रभारी में झिझक का भाव पैदा करेगा। पुलिस कर्मियों के संदेह की पुष्टि थाना प्रभारी के चेहरे पर उभरे संकोच के भाव ने की। मूंढापांडे थाने में दो अपराध निरीक्षक नियुक्त हैं। जबकि एक निरीक्षक की तैनाती पूर्व थाना प्रभारी व आइपीएस शक्ति मोहन अवस्थी के सहयोग में की गई थी। पुलिस विभाग में हुए इस खेल की भनक डीआईजी शलभ माथुर को भी नहीं लगी। प्रकरण प्रकाश में आने के बाद वह पोस्टिंग की तह तक जाने में जुट गए।

मूंढापांडे में तैनात तीनों निरीक्षकों के खिलाफ जांच चल रही है। तीनों के खिलाफ शिकायत है। कुछ ही दिन में तीनों निरीक्षक थाने से हटा दिए जाएंगे। -हेमंत कुटियाल, एसएसपी

ये भी पढ़ें:- मुरादाबाद: धीमी गति से स्कूलों में स्मार्ट कक्षाओं के संचालन पर ग्रहण

संबंधित समाचार