मुरादाबाद: हत्या के संदेह में कब्र से निकाला महिला का शव
मुरादाबाद, अमृत विचार। हत्या के संदेह में मझोला पुलिस ने बुधवार को एक महिला का शव कब्र से निकलवा कर कब्जे में ले लिया। हालांकि पोस्टमार्टम रिपोर्ट से पुलिस को फिलहाल ऐसा कोई तथ्य नहीं मिला, जिसके आधार पर महिला की मौत को हत्या साबित किया जा सके। चिकित्सकों ने शव से बिसरा लेकर पुलिस …
मुरादाबाद, अमृत विचार। हत्या के संदेह में मझोला पुलिस ने बुधवार को एक महिला का शव कब्र से निकलवा कर कब्जे में ले लिया। हालांकि पोस्टमार्टम रिपोर्ट से पुलिस को फिलहाल ऐसा कोई तथ्य नहीं मिला, जिसके आधार पर महिला की मौत को हत्या साबित किया जा सके। चिकित्सकों ने शव से बिसरा लेकर पुलिस को सुपुर्द कर दिया।
- मृतका की मां ने दहेज के लिए हत्या होने की जताई थी आशंका
- मुकदमा दर्ज करने के बाद पुलिस ने कराया शव का पोस्टमार्टम
कटघर थाना क्षेत्र में कर्बला की रहने वाले सलीम ने अपनी बेटी सायमा की शादी 19 जुलाई 2020 को मझोला थाना क्षेत्र के तारिक नगर करुला निवासी समीर उर्फ शाहबुद्दीन के साथ की। समीर मूलरूप से अंगूर वाली गली मुस्ताक नगर कोल अलीगढ़ का रहने वाला है। सलीम के मुताबिक शादी के कुछ दिन बाद से ही ससुरालियों ने उसकी बेटी को प्रताड़ित करना शुरू कर दिया था। शारीरिक व मानसिक प्रताड़ना से परेशान होकर सायमा ने घटना की जानकारी मायके वालों को दी।
दोनों पक्षों में पंचायत भी हुई। कुछ दिनों तक सब कुछ ठीक रहा, लेकिन 16 फरवरी को सायमा एसएसपी कार्यालय पहुंची और उसने तहरीर देकर ससुरालियों पर दहेज उत्पीड़न का आरोप लगाया। हालांकि सायमा व सलीम दोनों एक साथ ही रहते थे। दो मई की रात सायमा के मायके वालों को पता चला कि उनकी बेटी की तबियत खराब है। जब वह मौके पर पहुंचे तब पता चला कि सायमा का शव सिपुर्दे-ए-खाक कर दिया गया है।
बेटी की मौत से विचलित मायके वालों ने सायमा की हत्या होने की आशंका जताते हुए डीएम व एसएसपी को तहरीर दी। उन्होंने शव का पोस्टमार्टम कराने की मांग की। जिलाधिकारी के आदेश पर बुधवार को सीओ सिविल लाइंस आशुतोष तिवारी व मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में सायमा का शव कब्र से बाहर निकाला गया। मझोला पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया। चिकित्सकों के मुताबिक पोस्टमार्टम से महिला की मौत का कारण स्पष्ट नहीं हो सका। जांच के लिए बिसरा सुरक्षित किया गया है। जांच रिपोर्ट मिलने के बाद ही किसी नतीजे पर पहुंचा जा सकेगा।
ये भी पढ़ें:- अमरोहा : डीएम और विधायक ने सुनीं लोगों की समस्याएं
