पीलीभीत: एसडीओ करेंगे वन भूमि पर अवैध कब्जे की जांच
अमृत विचार, पीलीभीत। शारदा नदी पार स्थित टाइगर रिजर्व की 300 एकड़ जमीन पर अवैध कब्जे की जांच उपप्रभागीय वनाधिकारी पूरनपुर को सौंपी गई है। इधर, कुछ वन्यजीव प्रेमियों ने वन भूमि पर अवैध कब्जे को लेकर मामला शासन स्तर तक पहुंचा दिया है। ऐसे में अब संलिप्त विभागीय कर्मियों और भूमाफियाओं में हड़कंप मचा …
अमृत विचार, पीलीभीत। शारदा नदी पार स्थित टाइगर रिजर्व की 300 एकड़ जमीन पर अवैध कब्जे की जांच उपप्रभागीय वनाधिकारी पूरनपुर को सौंपी गई है। इधर, कुछ वन्यजीव प्रेमियों ने वन भूमि पर अवैध कब्जे को लेकर मामला शासन स्तर तक पहुंचा दिया है। ऐसे में अब संलिप्त विभागीय कर्मियों और भूमाफियाओं में हड़कंप मचा हुआ है। यदि इस मामले में निष्पक्ष तरीके से जांच की गई तो कईयों की गर्दन फंसना तय है।
पीलीभीत टाइगर रिजर्व की शारदा पार इलाके में बड़े पैमाने पर वन भूमि है। इसके इलाके में टाइगर रिजर्व का कोर एरिया बरसों से अतिक्रमणकारियों के कब्जे में है। यहां बरसों पूर्व पेड़ों को ठिकाने लगाकर वन भूमि पर खेती की जा रही है। एक अनुमान के मुताबिक शारदा पार इलाके में गुन्हान, रमनगरा, ढकिया ताल्लुके महाराजपुर में 70 फीसदी वन भूमि पर अवैध कब्जे हैं।
चूंकि यह इलाका जनपद मुख्यालय से काफी दूरी पर है, ऐसे में यहां अधिकारियों के कम पहुंचने के कारण स्थानीय वनकर्मी हर साल लाखों रुपये के बारे न्यारे करते आ रहे हैं। इधर, तीन दिन पूर्व गुन्हान क्षेत्र में रातों-रात भूमाफियाओं ने करीब 300 एकड़ जमीन जोत डाली।
आरोप है कि संबंधित रेंज के ही एक वनकर्मी के माध्यम से 5000 रुपए एकड़ के हिसाब से वन भूमि का सौदा किया गया। मामला संज्ञान में आने पर पीटीआर के डिप्टी डायेक्टर नवीन खंडेलवाल ने उप प्रभागीय वनाधिकारी पूरनपुर कपिल कुमार को जांच कराने के निर्देश दिए हैं। उप प्रभागीय वनाधिकारी सर्वेयर के साथ मौके पर पहुंचकर जांच करेंगे।
शासन तक जा पहुंचा अवैध कब्जे का मामला
शारदा पार इलाके में पीटीआर की जमीन पर रातोंरात जुताई करने का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। इसको लेकर जनपद के कुछ वन्यजीव प्रेमियों ने इस मामले से वन मंत्री, अपर प्रमुख सचिव वन, पीसीसीएफ, पीसीसीएफ वाइल्ड लाइफ को अवगत कराते हुए कार्रवाई की मांग की है।
इसे भी पढ़ें- पीलीभीत: अधिवक्ताओं ने की हड़ताल, जुलूस निकालकर एडीएम को सौंपा ज्ञापन
