पाकिस्तान में हिंसा के बाद आजादी मार्च खत्म, 6 दिन का अल्टीमेटम देकर वापस लौटे इमरान
इस्लामाबाद। पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान ने गुरूवार को कहा कि शहबाज शरीफ के नेतृत्व वाली सरकार संसद भंग कर नये सिरे से चुनाव कराने की घोषणा करे अन्यथा वह छह दिनों के बाद फिर से इस्लामाबाद वापस लौटेंगे। रिपोर्ट के अनुसार, पीटीआई अध्यक्ष जिन्ना एवेन्यू में ‘आजादी मार्च’ में भाग लेने वाले कार्यकर्ताओं …
इस्लामाबाद। पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान ने गुरूवार को कहा कि शहबाज शरीफ के नेतृत्व वाली सरकार संसद भंग कर नये सिरे से चुनाव कराने की घोषणा करे अन्यथा वह छह दिनों के बाद फिर से इस्लामाबाद वापस लौटेंगे। रिपोर्ट के अनुसार, पीटीआई अध्यक्ष जिन्ना एवेन्यू में ‘आजादी मार्च’ में भाग लेने वाले कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए यह बात कही।
उसके बाद वह बानी गाला के लिए रवाना हो गए। रिपोर्ट के अनुसार पीटीआई कार्याकताओं का मार्च बुधवार की रात इस्लामाबाद के कड़ी सुरक्षा वाले प्रतिबंधित रेड जोन में प्रवेश कर गया था। इस इलाके में सुप्रीम कोर्ट, प्रधानमंत्री आवास, अमेरिकी दूतावास सहित कई संवेदनशील इमारतें हैं। जिन्ना एवेन्यू में अपने भाषण में श्री खान ने कहा कि वह खैबर पख्तूनख्वा से 30 घंटे की यात्रा के बाद राजधानी शहर पहुंचे हैं। उन्होंने कहा, “सरकार ने हमारे आजादी मार्च को कुचलने के लिए हर तरह से प्रयास किया।
उन्होंने शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन पर आंसू गैस के गोले छोड़े, हमारे घरों पर छापे मारे गए और हमारी निजता का उल्लंघन किया गया। हालांकि, मैंने देश को गुलामी के डर से मुक्त होते देखा है।” उन्होंने आरोप लगाया कि कराची में उनकी पार्टी के तीन कार्यकताओं की मौत हुई है जबकि दो कार्यकर्ताओं को रावी ब्रिज से फेंका गया तथा हजारों अन्य लोगों को हिरासत में लिया गया।
उन्होंने कहा कि वह सरकार को इस बार जून में आम चुनाव की घोषणा करने का समय दे रहे हैं। उन्होंने कहा “ बाहर से लायी सरकार को मेरा संदेश है कि संसद को भंग कर चुनाव की घोषणा करे नहीं तो मैं छह दिन बाद फिर से इस्लामाबाद आऊंगा।”
ये भी पढ़ें:- दक्षिण कोरिया में कोरोना का कहर जारी, एक दिन में सामने आए कोविड-19 के 18,816 नए मामले
